Khajuraho G20: इन्फ्रास्ट्रक्चर कार्यकारी समूह की बैठक में वैश्विक चुनौति एवं समस्याओं से निपटने साझा रणनीति
Khajuraho G20 summit के तहत खजुराहो में 20 देशों के वीआईपी मेहमान जुटे हैं। इंफ्रास्ट्रक्चर वर्किंग ग्रुप की इस महत्वपूर्ण बैठक में वैश्विक चुनौतियों व समस्याओं से निपटने और शहरी विकास में निजी निवेश को लेकर राउंउ टेबल डिस्कशन किया गया।

G20 समूह देश के प्रतिनिधिमंडल की दो दिवसीय बैठक छतरपुर जिले के खजुराहो के महाराज छत्रसाल कन्वेंशन सेंटर में गुरुवार से शुरू हुई। चौथे इंफ्रास्ट्रक्चर वर्किंग ग्रुप की बैठक के पहले दिन कई बहुआयामी मुद्दों पर चर्चा कर इन्फ्रास्ट्रक्चर क्षेत्र की चुनौतियों और समस्याओं से निपटने के उपाय सुझाए गए। साथ ही साझा रणनीति के जरिए चुनौतियों के निराकरण के संबंध में चर्चा की गई। बैठक के प्रथम सत्र में इन्फ्रास्ट्रक्चर से जुड़े कई विषयों पर आपसी संवाद किया गया। दूसरे सत्र में शहरी अधोसंरचना के विकास के संबंध में निजी निवेश पर राउंड टेबल डिस्कशन किया गया। बैठक में कुछ देशों के प्रतिनिधि वर्चुअल भी जुड़े और निर्धारित विषय पर अपने अनुभव साझा किए। इस वर्ष फरवरी माह में G20 के संस्कृति कार्य समूह की सफल बैठक के बाद खजुराहो में आयोजित यह दूसरी बैठक है।

कलेक्टर संदीप जीआर ने G20 समूह देश के डेलीगेट्स को संबोधित करते हुए छतरपुर और खजुराहो के विकास संबंधी कार्ययोजना से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि छतरपुर महाराजा छत्रसाल की नगरी है। जिले के चंदेलकालीन तालाब और बुंदेली संस्कृति एवं कला अद्भुत है। उन्होंने बढ़ती जनसंख्या के साथ शहरीकरण की चुनौतियों का उल्लेख किया। कलेक्टर जीआर ने कहा कि मंदिर नगरी खजुराहो में लोगों की आय और आजीविका का मुख्य जरिया पर्यटन है। पुरातत्व विभाग द्वारा प्राचीन धरोहर के संरक्षण और संवर्धन के लिए किए जा रहे प्रयासों के बारे में अवगत कराते हुए स्थानीय स्तर पर किए जा रहे प्रयासों की जानकारी भी दी।
विदेशी मेहमानों को बताया सांची सोलर सिटी, इसमें कैसे रोजगार जनरेट
जिला कलेक्टर द्वारा सांची के बाद खजुराहो को सोलर सिटी बनाने तथा युवाओं को रोजगार प्रदान करने के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी भी दी गई। फ्रूट फॉरेस्ट के विकास, शहरी अधोसंरचना विकास मॉडल की स्थापना, निकाय बॉन्ड जारी करने की प्रक्रिया, शहरी क्षेत्र में ई-रिक्शा को बढ़ावा के प्रयास, स्वास्थ्य सुविधाओं, विकास के विभिन्न आयाम, जिले में निजी निवेश की संभावनाओं का जिक्र भी किया। डेलीगेट्स ने बैठक में शामिल होने के पहले होटल द ललित में योगा सत्र में भी भाग लिया। अंतिम दिवस 22 सितम्बर को प्रतिनिधिमंडल को खजुराहो के पश्चिम मंदिर समूह और रनेह फॉल का भ्रमण भी कराया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications