तमिलनाडु में कोरोना संक्रमण से जुड़े सभी प्रतिबंध खत्म, स्वास्थ्य मंत्रालय ने सतर्कता बरतने को कहा
चेन्नई, 04 अप्रैल। कोरोना के लगातार घटते मामलों के बीच अलग-अलग राज्य कोरोना प्रोटोकॉल में छूट देते हुए पाबंदियों को खत्म कर रहे हैं। इसी दिशा में तमिलनाडु सरकार ने भी रविवार को कोरोना महामारी से जूड़ी तमाम पाबंदियों को हटा लिया है। तकरीबन दो साल तक लगी इन पाबंदियों के बाद सरकार ने इन्हें खत्म करने का फैसला लिया है। हालांकि प्रदेश के स्वास्थ्य विभाग की ओर से कहा है कि कोरोना से जुड़ी सावधानियों जैसे सोशल डिस्टेंसिंग, मास्क, हाथ साफ करना, भीड़ में जाने से बचना जारी रखना चाहिए।

सरकार की ओर से जारी नोटिफिकेशन में कहा गया है कि कोरोना के घटते मामलों के बीच प्रदेश कोरोना से जुड़ी सभी पाबंदियों को जोकि भारत सरकार द्वारा लगाई गई थीं उसे खत्म करता है। तमिलनाडु सरकार ने 18 साल से ऊपर के लोगों में कोरोना की पहली डोज को 92 फीसदी लोगों को और दूसरी डोज 75 फीसदी लोगों को लगाने का लक्ष्य हासिल कर लिया है। लिहाजा यह फैसला लिया जाता है कि तमिलनाडु पब्लिक हेल्थ एक्ट 1939 के तहत जारी किए गए नोटिफिकेशन को वापस लिया जाता है।
एमके स्टालिन सरकार की ओर से जारी नोटिफिकेशन में कहा गया है कि प्रदेश ने कोरोना वैक्सीन के लक्ष्य को काफी बेहतर तरीके से हासिल किया है। बता दें कि प्रदेश में पिछले 24 घंटों में कोरोना के सिर्फ 23 नए मामले सामने आए हैं। जनवरी माह में प्रदेश में दैनिक मामलों की संख्या 30 हजार तक पहुंच गई थी। लेकिन अब प्रदेश में सिर्फ 275 एक्टिव केस बचे हैं। अहम बात यह है कि दुनियाभर के कई देशों में कोरोना के नए मामलों में एक बार फिर से बढ़ोत्तरी देखने को मिल रही है, लेकिन आज भारत में कोरोना के सिर्फ 913 नए मामले सामने आए जबकि 81 लोगों की कोरोना से मौत हुई है। वहीं भारत में अब कोरोना के एक्टिव केस अब 12597 बचे हैं।












Click it and Unblock the Notifications