SYL canal dispute: सुप्रीम कोर्ट ही सुनवाई करेगा और अपना फैसला सुनाएगा- मनोहर लाल खट्टर
हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा है कि सतलुज-यमुना लिंक कैनाल पर बातचीत का नतीजा नहीं निकला। इसलिए सुप्रीम कोर्ट ही फैसला करेगा। वहीं भिवानी की घटना पर बोले कि दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।

सतलुज-यमुना लिंक नहर के मामले में हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा है कि इस मामले में पंजाब के साथ तीन-तीन बैठकें हुई हैं, लेकिन कोई नतीजा नहीं निकला है। जबकि, सुप्रीम कोर्ट कह चुका है कि हरियाणा को उसके हिस्से का पानी मिलना चाहिए। मुख्यमंत्री खट्टर ने कहा है कि आखिरकार सुप्रीम कोर्ट ही इस मामले की सुनवाई करके और अपना फैसला सुनाएगा। इससे पहले हरियाणा के राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय ने कहा है कि प्रदेश सरकार रावी और ब्यास नदियों के जल से राज्य का हिस्सा पाने के लिए सतलुज-यमुना लिंक नहर के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध है।
सुप्रीम कोर्ट ही फैसला सुनाएगा- खट्टर
हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने सोमवार को सतलुज-यमुना लिंक नगर के मामले में कहा है कि 'सुप्रीम कोर्ट ने कहा था कि हरियाणा को उसके हिस्से का पानी मिलना चाहिए। हमनें (हरियाणा और पंजाब) तीन बैठकें की हैं, लेकिन कोई नतीजे पर नहीं पहुंचे। आखिरकार, सुप्रीम कोर्ट ही इस मामले को सुनेगा और अपना फैसला सुनाएगा।'
'सरकार सतलुज-यमुना लिंक कैनाल बनाने के लिए प्रतिबद्ध'
इससे पहले हरियाणा के राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय ने सोमवार को ही कहा था कि प्रदेश सरकार सतलुज-यमुना लिंक कैनाल बनाने के लिए प्रतिबद्ध है, ताकि प्रदेश को रावी और ब्यास नदियों के जल से उसका हिस्सा मिल सके। दत्तात्रेय ने चंडीगढ़ में बजट सत्र के पहले दिन हरियाणा विधानसभा अपने भाषण के दौरान ये बातें कही हैं। उन्होंने कहा, 'राज्य सरकार सतलुज-यमुना लिंक कैनाल के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध है, ताकि रावी-ब्यास नदियों के जल से प्रदेश को उसका हिस्सा मिल सके। इसके साथ ही सरकार ऊपरी इलाके में युमना नदी पर स्टोरेज बांध जैसे कि रेणुका, किशाऊ और लखवार व्यासी बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।'
दोषी को बख्शा नहीं जाएगा- भिवानी की घटना पर बोले खट्टर
उधर भिवानी की घटना पर मुख्यमंत्री ने कहा है कि 'यह एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना है। हरियाणा पुलिस राजस्थान पुलिस के साथ सहयोग कर रही है। इस केस की जांच राजस्थान पुलिस करेगी, क्योंकि यह उन्हीं के राज्य में दर्ज है। दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।' इस घटना में राजस्थान के दो लोगों को कार में जलाकर मार डालने के आरोप हैं। भिवानी के लोहारू के पास एक कार से दो युवकों के कंकाल मिले थे। मृतकों की पहचान जुनैद और नासिर के तौर पर हुई थी। ये राजस्थान के भरतपुर जिले के रहने वाले बताए गए हैं।












Click it and Unblock the Notifications