Punjab News: पंजाब सरकार देगी दिव्यांगों को नौकरी के अवसर, 1200 पदों पर होगी नियुक्तियां
Punjab News: पंजाब सरकार द्वारा दिव्यांगजनों को रोजगार के अवसर मुहैया कराने के लिए विभिन्न विभागों में सीधी भर्ती के जरिए 1200 आरक्षित पदों को भरने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। सामाजिक सुरक्षा, महिला एवं बाल विकास मंत्री डॉ. बलजीत कौर ने यह जानकारी मंगलवार को चंडीगढ़ में अंतरराष्ट्रीय दिव्यांगता दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित राज्यस्तरीय समारोह के दौरान दी है। डॉ. बलजीत कौर ने बताया कि दिव्यांगजनों की पदोन्नति वाले 620 पदों के बारे में भी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पदोन्नति का इंतजार कर रहे दिव्यांग मुलाजिमों को जल्दी ही तरक्की भी मिलेगी। राज्य स्तरीय समारोह के दौरान पंजाब सरकार की तरफ से दिव्यांगजनों के कल्याण के लिए कार्य करने वाली 12 शख्सियतों को स्टेट अवॉर्ड से सम्मानित किया गया।
दिव्यांगजन खुद को कमजोर न समझें
डॉ. बलजीत कौर ने मुख्य अतिथि के तौर पर समारोह में हिस्सा लेते हुए कहा कि दिव्यांगजन जीवन के किसी भी पड़ाव पर खुद को कमजोर न समझें। पंजाब सरकार हर कदम पर उनके साथ है। सरकार की ओर से राज्य के 2,59,598 दिव्यांगों को 478.47 करोड़ रुपए की वित्तीय सहायता दी जा रही है। जिसमें दिव्यांगजनों के साथ-साथ उनके बच्चे भी शामिल हैं। दृष्टिहीन दिव्यांगजनों के लिए लुधियाना में ब्लाइंड स्कूल को अपग्रेड करके अब 12वीं क्लास तक कर दिया गया है। इसके बुनियादी ढांचे को 1.67 करोड़ से सुधारा जा रहा है। इस अवसर पर अतिरिक्त मुख्य सचिव, सामाजिक सुरक्षा, महिला एवं बाल विकास राजी पी. श्रीवास्तव सहित अनेक अधिकारी उपस्थित थे।

स्वरोजगार के लिए 91.77 लाख के ऋण दिए
मंत्री डॉ. बलजीत कौर ने बताया कि पंजाब में दिव्यांगजनों के स्वरोजगार के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से पंजाब एससी विकास कॉरपोरेशन की ओर से साल 2022-23 के दौरान कुल 59 मामलों के तहत 129.31 लाख रुपए और साल 2023-24 के दौरान कुल 46 मामलों के तहत 91.77 लाख रुपए के कर्ज मुहैया करवाए गए हैं।












Click it and Unblock the Notifications