Punjab News: सीएम मान ने 251 युवाओं को सौंपे नियुक्ति पत्र, कहा-'सरकार युवाओं को नौकरियां मुहैया करा रही'
Punjab News: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने शुक्रवार को राज्य सरकार के विभिन्न विभागों के लिए चयनित 251 नौजवानों की नियुक्ति पत्र सौंपे।सेक्टर 35 स्थित म्युनिसिपल भवन में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने नवनियुक्त नौजवानों को शुभकामनाएं देते हुए अपने संबोधन में कहा कि पंजाब सरकार ने अब तक अलग-अलग विभागों में 37934 नौजवानों को नौकरियां मुहैया करवा दी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी 37934 नियुक्तियां पूरी तरह मेरिट के आधार पर हुई है। उन्होंने कहा कि पूरी पारदर्शी प्रक्रिया अपनाने के बाद यह नियुक्तियां की गई है। इन नौजवानों के बेहद मुकाबले वाली परीक्षाएं पास करने के बाद यह नौकरियां हासिल की है। सीएम मान ने कहा कि हमारी सरकार का पहला दिन से ही एकमात्र एजेंडा नौजवानों को नौकरियां मुहैया करवाकर उन्हें अधिक अधिकार देना है। लड़कियों को नौकरियों के और ज्यादा मौके मिलने पर खुशी साझा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि लोगों को लड़कियों के प्रति अपनी धारणा बदल लेनी चाहिए। क्योंकि लड़कियां प्रत्येक क्षेत्र में बाजी मार रही है।
पंजाब की महान धरती छोड़कर विदेश जाने के रुझान पर चिंता प्रकट करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि अभी रुझान बदल रहा है। उन्होंने कहा कि यह खुशी की बात है कि पंजाब में अब रिवर्स माइग्रेशन का रुझान शुरू होने लगा है। कई नौजवानों ने विदेश की नौकरियां छोड़कर पंजाब में सरकारी नौकरियां हासिल की है।

सीएम मान ने कहा कि वास्तव में हमारे नौजवान पंजाब की पवित्र धरती से बहुत मोह करते हैं। लेकिन पिछले समय में बुरी व्यवस्था से तंग आकर विदेश जाने के लिए मजबूर हो गए थे। उन्होंने कहा कि अब नौजवानों को अपनी मनपसंद नौकरियां करने का मौका मिल रहा है। जिससे उनका भविष्य सुरक्षित हो सकेगा।
पंजाब के खजाने को खाली कहकर लोगों की आंखों में धूल झोंकने वाले नेताओं पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री मान ने कहा कि वास्तव में खजाना कभी खाली नहीं होता। बल्कि नेताओं की नियत खोटी होती है। यह नेता लोगों का पैसा अपने चाचा-भतीजे, साले-जीजे को दोनों हाथ से लूटते थे। मुख्यमंत्री पद को लोक सेवा का पद बताते हुए सीएम मान ने कहा कि यह कुर्सी आराम परस्ती के लिए नहीं होती। बल्कि 24 घंटे जन सेवा को समर्पित होती है।
सीएम मान ने कहा कि वह पंजाब की जमीनी हकीकत से अच्छी तरह अवगत है। जिस कारण वह पंजाब के हित में तुरंत फैसला लेते हैं। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को भी नसीहत दी कि जमीनी स्थिति को समझे बिना चंडीगढ़ में बैठकर फैसले न करें।












Click it and Unblock the Notifications