स्कूलों में सैकड़ों बच्चे कोरोना पॉजिटिव, CM खट्टर बोले- सब मास्क पहनें, हरियाणा में दुबारा लॉकडाउन नहीं लगेगा
चंडीगढ़ (धरणी)। सूबे के स्कूल खुलने के बाद सैकड़ों की तादाद में बच्चों के कोरोना पॉजिटिव मिलने पर सरकार ने स्कूल पुन: बंद करा दिए हैं। वहीं, राज्य में कोरोना संक्रमण फैलने की बात मानते हुए खट्टर ने कहा है कि, 'हरियाणा के दिल्ली से सटे इलाकों में ऐसे मामले बढ़ने शुरू हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि, लोगों के बचाव के लिए जरूरी है कि वे सोशल डिस्टेंसिंग फॉलो करें। लोग जब अपने घरों से बाहर निकलें तो मास्क जरूर पहनें।' अनलॉक में ढील पर बोलते हुए मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि, अब हरियाणा में सरकार के लॉकडाउन लगाने की कोई मंशा नहीं है।
Recommended Video

अब तक हरियाणा में कितने मामले सामने आए?
राज्य में कोरोना वायरस के संक्रमण के अब तक 2,12,355 मामले सामने आ चुके हैं। यह संख्या भाजपा की सरकार वाले अन्य प्रांत गुजरात से ज्यादा है। बीते 24 घंटों में ही हरियाणा के भीतर 3104 नए मरीज मिले। इसके अलावा यहां 25 लोगों ने दम तोड़ा। अब तक 2138 लोग जान गंवा चुके हैं। 20150 सक्रिय मरीज बताए जा रहे हैं। राज्य के स्वास्थ्य विभाग का दावा है कि, यहां अब तक 31 लाख से ज्यादा लोगों का कोरोना टेस्ट किया जा चुका है। 1 लाख 90 हजार से ज्यादा लोग कोरोना मुक्त हो चुके हैं। बीते रोज 2508 लोग रिकवर हुए।

किस जिले में कितने सक्रिय कोरोना मरीज?
हरियाणा में सबसे ज्यादा सक्रिय मरीजों की संख्या गुड़गांव जिले में है, जहां 5,485 लोग उपचाराधीन हैं। इसके बाद फरीदाबाद जिला है, जहां 4,655 मरीज हैं। 2,125 सक्रिय मरीजों के साथ हिसार तीसरे नंबर पर है। रोहतक में 1,185 कोरोना मरीज उपचाराधीन हैं। सोनीपत में 817 हैं। रेवाडी में 768 और 542 सिरसा जिले में हैं। 496 सक्रिय मरीज पंचकूला में हैं। 464 पानीपत में हैं। 444 फतेहाबाद में हैं। जींद में 414 सक्रिय मरीज हैं।
कितने बच्चे कोरोना पॉजिटिव मिले?
हरियाणाभर में 200 से ज्यादा स्कूली लड़के-लड़कियां कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। यहां 3 जिलों में ही 150 बच्चे कोरोना पॉजिटिव निकले। रेवाड़ी जिले के 13 स्कूलों में 91 तो जींद के कई स्कूलों में 30 स्टूडेंट कोरोना पॉजिटिव निकले। साथ ही 10 टीचरों को भी संक्रमण हुआ है। इससे पहले राज्य में गुरुवार को 56 बच्चे पॉजिटिव मिले। इनमें हिसार में 15, रोहतक में 14, नारनौल में 13, जींद में 12 व रेवाड़ी में 2 बच्चे संक्रमित पाए गए।












Click it and Unblock the Notifications