Chandigarh elections 2021: आज डाले जा रहे चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव के वोट, जानें जरूरी बातें
चंडीगढ़। केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ में नगर निगम चुनाव के लिए आज मतदान हो रहा है। चुनाव शुरू होने से पहले चुनाव आयोग ने निगम चुनाव चंडीगढ़ नाम से एक मोबाइल एप बनाया, जिस पर पोलिंग स्टेशन, उम्मीदवार की जानकारी समेत सभी तरह की आवश्यक जानकारी दी गई। बताया गया कि, इस एप पर ये भी पता चलेगा कि पोलिंग बूथ पर कितनी भीड़ है। वहीं, आज सुबह साढ़े 7 बजे से मतदान शुरू करवा दिया गया।

चंडीगढ़ में हो रहे चुनाव की तस्वीरें कई मतदान केंद्रों से सामने आई हैं। प्रशासन की ओर से कहा जा रहा है कि यहां कोरोना संक्रमित भी वोट डाल सकेंगे, इसके लिए वे एप से अपना पोलिंग बूथ जान सकते हैं। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि, शहर में शांतिपूर्ण ढंग से चुनाव कराने के लिए करीब 3700 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। वहीं, 215 संवेदनशील घोषित बूथों पर अतिरिक्त पुलिस बल मौजूद रहेगा। जिन बूथों को संवेदनशील घोषित किया गया है, उनमें धनास, फैदां, मौलीजागरां, इंदिरा कॉलोनी जैसे इलाकों के ज्यादातर बूथ शामिल हैं।

एक बूथ पर औसतन 5 पुलिस मुलाजिमों की ड्यूटी लगाई गई है। वहीं, चुनाव पर नजर रखने के लिए विभिन्न राज्यों से 5 चुनाव ऑब्जर्वर भी बुलाए गए हैं। चुनाव आयोग ने बताया है कि, यहां सुबह साढ़े 7 बजे से शाम 5 बजे तक 694 मतदान केंद्रों पर लोग अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकते हैं। इस बार कुल 633481 वोटर हैं, जो कि 35 वार्डों में भाग्य आजमा रहे 203 उम्मीदवारों के भविष्य का फैसला करेंगे।
आयोग से मिली जानकारी के मुताबिक, कुल वोटरों में 332181 पुरुष, जबकि 301280 महिला वोटर शामिल हैं। वहीं, 20 ट्रांसजेंडर वोटर भी मतदान करेंगे। आज के इस मतदान के बाद 27 दिसंबर को मतगणना होगी। जिसमें चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव के नतीजे घोषित किए जाएंगे।

चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव के लिए हो रहे मतदान की उपरोक्त तस्वीरें सेक्टर-8 से सामने आई हैं। यह बता रही हैं कि, चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव की घड़ी आ ही गई। अब शहर में लोकतंत्र का महापर्व मनाया जा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications