चंदौली: ट्रक की चपेट में युवक की मौत के बाद ग्रामीणों का बवाल, पुलिस पर पथराव कर सीओ की गाड़ी तोड़ी
चन्दौली, 19 जनवरी। वाराणसी से रामनगर जाने वाले मार्ग पर मंगलवार सुबह ट्रक की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गयी जिसके बाद स्थानीय लोगों और ग्रामीणों ने हाइवे पर मृतक के शव को रखकर चक्का जाम कर दिया। हाइवे पर हुए चक्का जाम की सूचना पर चन्दौली के पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर के एसडीएम और मुगलसराय कोतवाली की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने जब ग्रामीणों को समझाने और शव को कब्जे में लेने की कोशिश शुरू की तो ग्रामीण मृतक के मुआवजे की मांग पर अड़ गए। देखते ही देखते यह विवाद इतना बड़ा रूप ले लिया कि ग्रामीणों ने सीओ की गाड़ी पर पथराव शुरू कर दिया जिसके बाद पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। इस घटना में जहां मुगलसराय कोतवाली के इंस्पेक्टर का पथराव में सिर फट गया वहीं एसपी चन्दौली ने कहा कि ट्रक को कब्जे में लेकर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया। साथ ही पथराव में जिन लोगों ने सीओ की गाड़ी तोड़ी है उनके खिलाफ वीडियो फुटेज के आधार पर मुकदमा कायम कर कठोर कार्रवाई की जाएगी।

ग्रामीणों को समझाने के दौरान हुआ पथराव
घटना सुबह 9.30 पर की है। हाइवे पर मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के कटेसर गांव में सड़क पार कर रहे 40 वर्षीय रौशन गुप्ता ट्रक की चपेट मे आ गए और मौके पर उसकी मौत हो गई । इस घटना से नाराज कटेसर गांव के लोगों ने पड़ाव रामनगर मार्ग को जाम कर दिया। इसकी सूचना मिलते ही मुगलसराय कोतवाली पुलिस और एसडीएम डीडीयू नगर मौके पर पहुंचे। घटना की जानकारी पर जब सीओ सदर मौके पर पहुंचे और परिजनों को शांत कराया फिर शव को कब्जे में लेने का प्रयास कर रहे थे कि ग्रामीण आक्रोशित हो गए और हंगामा शुरू कर दिया। इसी दौरान आक्रोशित लोगों ने पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया। पत्थरबाजी में जहां सीओ सदर की गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गयी वहीं पत्थर लगने से मुगलसराय कोतवाली के इंस्पेक्टर बृजेश तिवारी भी घायल हो गए। इसके बाद पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर शव को कब्जे में लिया और मामले को शांत कराया। इस मामले पर एसडीएम डीडीयू नगर मुगलसराय मनोज पाठक ने बताया कि घटना में मृत व्यक्ति काफी गरीब है। जिला प्रशासन की तरफ से सहायता राशि दी जा रही है साथ ही मुख्यमंत्री राहत कोष से भी परिवार को मुआवजा दिलाने का जिला प्रशासन पूरा प्रयास करेगा। परिवार के हर संभव मदद की जाएगी।
पत्थरबाजों पर होगी कठोर कार्रवाई
ट्रक से युवक की मौत और पथराव पर चन्दौली के एसपी अंकुर अग्रवाल ने बताया कि ट्रक के चपेट में आने से व्यक्ति की मौत हो गई थी। मौके पर पहुंचे कुछ लोगों द्वारा हंगामा किया जा रहा था, जिन्होंने सीओ सदर गाड़ी पर पथराव किया। पथराव की सूचना पर फोर्स मौके पर पहुंची। ग्रामीणों को शांत कर डेड बॉडी पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। चालक ट्रक छोड़ फरार हो गया जिसके बाद ट्रक को कब्जे में लिए गया है। साथ ही कुछ अराजक लोगों ने बेवजह पुलिस टीम पर पत्थरबाजी की है। वीडियो साक्ष्य के तौर पर मंगाए गए है। सबूत जमा कर कठोर करवाई की जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications