शिक्षक का ट्रांसफर हुआ तो लिपटकर रोने लगे स्कूल के सभी छात्र, भावुक करने वाला Video वायरल
चंदौली, 15 जुलाई: चंदौली के एक स्कूल में पढ़ाने वाले शिक्षक का ट्रांसफर हुआ तो छात्र-छात्राएं बेहद भावुक हो गए। विदाई समारोह पर सभी छात्र अपने पसंदीदा शिक्षक से लिपटकर रोने लगे। हर छात्र की आंखें नम हो गईं। शिक्षक और छात्रों के बीच के इस भावुक पल का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

शिक्षक के ट्रांसफर पर भावुक हुए छात्र
कानपुर के रहने वाले शिक्षक शिवेंद्र सिंह बघेल चंदौली के चकिया विकासखंड के रतिगढ़ कंपोजिट विद्यालय में पढ़ाते थे। शिवेंद्र सिंह बघेल 7 सितंबर 2018 से 12 जुलाई 2022 यहां तैनात थे। शिवेंद्र सिंह ट्रांसफर हुआ तो सभी छात्र बेहद भावुक हो गए। गुरुवार को शिक्षक की विदाई के वक्त छात्र-छात्राएं इतना भावुक हो गए कि उनसे लिपटकर रोने लगे। छात्र अपने पसंदीदा शिक्षक से दूर नहीं होना चाहते थे। विदाई समारोह में छात्र बिलख-बिलख कर रोने लगे।

शिक्षक को गले लगाकर रोने लगे सभी छात्र-छात्राएं
छात्रों का अपने शिक्षक को गले लगाकर रोने का वीडियो सामने आया है। यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो में देखा जा सकता है कि शिक्षक बच्चों को समझाते रहे, लेकिन छात्रों का प्यार और लगाव देखकर उनकी भी आंखें भर आईं। बच्चों को समझाते हुए शिक्षक खुद भी भावुक हो गए। इस दौरान वह बच्चों से कहते रहे कि मन से पढ़ो और जिंदगी में तरक्की करो। उन्होंने ये भी कहा कि मैं तुम लोगों से मिलने आऊंगा।

'कुछ नया करने की उम्मीद से ज्वॉइन किया था स्कूल'
शिक्षक शिवेंद्र सिंह बघेल ने कहा, ''जब मैंने स्कूल ज्वॉइन किया तो बड़ी आकांक्षाओं के साथ ज्वॉइन किया था। एक उम्मीद लेकर आया था, कि मैं कुछ नया कर पाऊंगा। लगभग 4 साल के कार्यकाल में मैंने बच्चों के बीच में जितना हो सकता था उतना समय दिया। और कोशिश की कि ज्याद से ज्यादा बच्चे पढ़ाई की ओर अग्रसरित हों। मेरी विदाई पर बच्चे मुझे छोड़ने आए थे, बस यही देखकर मेरी भी आंखें नम थीं।''












Click it and Unblock the Notifications