ऑनलाइन स्कैम में डूबे 91 लाख, Zerodha के फाउंडर ने बताया ऐसे फ्रॉड से खुद को कैसे बचाएं
ऑनलाइन ब्रॉकरेज फर्म जिरोधा के सीईओ नितिन कामथ ने सोशल मीडिया पर स्टॉक मार्केट स्कैम को लेकर सुझाव दिया है। उन्होंने खुद ऑनलाइन फर्जीवाड़े की जानकारी साझा की है। उन्होंने बताया कि आखिर कैसे एक व्यक्ति के साथ ऑनलाइन फर्जीवाड़ा किया गया और उसे 91 लाख रुपए की चपत लग गई।
दरअसल पीड़ित व्यक्ति को व्हाट्सएप के जरिए स्टॉक मार्केट की ट्रेनिंग का झांसा दिया गया और इसके चलते उसे लंबी चपत लग गई। पीड़ित व्यक्ति को ऑनलाइन स्कैम के जरिए 91 लाख रुपए की चपत लगी है। इस घटना का हवाला देते हुए नितिन कामथ ने लोगों को ऑनलाइन फर्जीवाड़े से बचने की सलाह दी है।

नितिन कामथ ने एक खबर की लिंक को शेयर करते हुए लिखा, इस तरह के फर्जीवाड़े लगातार बढ़ रहे हैं। पिछले 9 महीनों में 11000 करोड़ रुपए का फर्जीवाड़ा लोगों के साथ किया जा चुका है। मैं सोच भी नहीं पा रहा हूं कि जब ये स्कैम करने वाले एआई का सहारा लेंगे तो क्या हालात होंगे।
कामथ ने लोगों को सलाह दी है कि आप अपने आपको व्हाट्सएप और टेलीग्राम के फर्जी ग्रुप से दूर रखें और ऐसे ग्रुप के किसी भी झांसे में ना आएं जो आपको जल्दी पैसा कमाने का लालच दें। अगर कोई अजनबी आपको फर्जी ग्रुप में जोड़ता है तो उसे बिल्कुल स्वीकार ना करें। नितिन कामथ ने इस तरह के ग्रुप का स्क्रीनशॉट भी लोगों के साथ शेयर किया है।
इन धोखाधड़ी वाली योजनाओं के नतीजे पूरे देश में कई लोगों के लिए विनाशकारी रहे हैं, जिसके चलते लोगों के घर बर्बाद हो रहे हैं। उदाहरण के लिए दिल्ली के एक निवासी को इन घोटालों में ₹1.15 करोड़ का चूना लगा, जबकि बेंगलुरु के जयनगर के एक व्यवसायी को इन घोटालों में ₹5.2 करोड़ का नुकसान हुआ। पुणे की एक महिला ने तो अपने गहने बेच दिए और तुरंत धन कमाने का वादा करने वाली एक योजना में ₹24.12 लाख गंवा दिए।
इन खतरनाक घटनाओं के मद्देनजर, कामथ ने ऑनलाइन ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म से जुड़े जोखिमों के बारे में निवेशकों को शिक्षित करने की जोरदार वकालत की है। उन्होंने निवेश करने से पहले किसी भी ट्रेडिंग ऐप की वैधता की पुष्टि करने केी लोगों को सलाह दी है।












Click it and Unblock the Notifications