फेसबुक पोस्ट देखकर आपके घर पड़ सकता है आयकर विभाग का छापा
नई दिल्ली। अगर आप भी सोशल मीडिया पर एक्टिव रहने वाले लोगों में से हैं, तो जरा संभल कर सोशल मीडिया का इस्तेमाल करें। जल्द ही फेसबुक या इंस्टाग्राम पर डाली गई आपकी कोई पोस्ट भी आयकर विभाग के अधिकारियों को आपके दरवाजे तक ला सकती है। आइए जानते हैं इसके लिए सरकार क्या रणनीति बना रही है।

सोशल मीडिया से आय का अंदाजा
अगले महीने से मोदी सरकार लोगों की आय का पता लगाने के लिए बहुत सी वर्चुअल जानकारियों का इस्तेमाल करेगी। इसमें न केवल लोगों की बैंक की जानकारियां शामिल हैं, बल्कि लोगों के सोशल मीडिया अकाउंट से मिली जानकारियों को भी चेक किया जाएगा। सोशल मीडिया से आयकर विभाग को यह पता चलेगा कि लोगों का खर्च करने का क्या पैटर्न है। इस बात की जानकारी इस मामले से जुड़े कुछ लोगों ने दी है।

आपकी हर पोस्ट पर रहेगी नजर
सोशल मीडिया पर आप जो भी पोस्ट करेंगे, हो सकता है उस पर आयकर विभाग की नजर रहे। सोशल मीडिया से सरकार इस बात का अंजादा लगाएगी कि आपके पास कौन सी कार है, आपका घर कितना महंगा है, आप कहां-कहां घूमते हैं यानी घूमने पर कितना खर्च करते हैं। इन सभी के आधार पर यह देखा जाएगा कि क्या आप अपनी आय के हिसाब से टैक्स चुका रहे हैं या फिर टैक्स चोरी कर रहे हैं।

मोदी सरकार को मिलेगी मदद
अगर सोशल मीडिया की पोस्ट को देखने के बाद अधिकारियों द्वारा यह अनुमान लगाया गया कि आप अपनी आय से कम टैक्स चुका रहे हैं तो हो सकता है कि आयकर विभाग का नोटिस आपके घर पहुंच जाए। वहीं दूसरी ओर, कोई बड़ा मामला सामने आने पर आयकर विभाग के अधिकारी आपके घर तक पहुंच सकते हैं। इस तरह से मोदी सरकार को टैक्स चोरी करने वाले लोगों से निपटने में काफी मदद मिलेगी।












Click it and Unblock the Notifications