अगर Yes Bank में है आपका भी खाता, तो आपके लिए बेहद जरूरी हैं ये बातें
नई दिल्ली। संकट में फंसे Yes Bank की मुश्किलें बढ़ गई है। रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (आरबीआई) ने यस बैंक पर सख्ती बरतते हुए इससे 50 हजार रु निकासी की सीमा तय कर दी है। आरबीआई का ये आदेश अगले एक महीने के लिए है। आरबीआई के आदेश के बाद इस बैंक के खाताधारकों में डर का माहौल है क्योंकि वे अपने खाते से 50 हजार रुपए से अधिक की निकासी नहीं कर पाएंगे। हालांकि, आरबीआई ने कहा है कि ग्राहकों के हितों को संरक्षित किया जाएगा, किसी को भी घबराने की जरूरत नहीं है।
Recommended Video

आरबीआई ने यस बैंक के बोर्ड को सस्पेंड किया
निजी सेक्टर की बैंक यस बैंक लंबे वक्त से कर्ज से जूझ रहा है। आरबीआई ने यस बैंक के बोर्ड को सस्पेंड करने के बाद इसके संचालन के लिए एसबीआई के पूर्व सीएफओ प्रशांत कुमार को प्रशासक नियुक्त किया है। नगदी की समस्या से जूझ रहे यस बैंक में निवेश के लिए स्टेट बैंक ऑफ इंडिया ने अपनी सैद्धांतिक मंजूरी दे दी है। स्टेट बैंक ऑफ इंडिया और एलआईसी दोनों ही ने यस बैंक में सामूहिक रूप से 49 फीसदी शेयर हासिल करने की बात कही है। अगर आप यस बैंक के खाताधारक हैं तो आपके लिए इन बातों को जानना जरूरी है।

3 अप्रैल तक रहेगी आरबीआई द्वारा लगाई गई रोक
सरकार ने कहा है कि बैंक के खिलाफ सभी कार्रवाई और 50,000 रुपए से अधिक की निकासी पर 3 अप्रैल तक रोक लगा दी गई है। इसमें बैंक को 50,000 रुपए से अधिक का भुगतान नहीं करने का आदेश दिया गया है। 50,000 हजार रु से अधिक की निकासी पर रोक सभी बैंक खातों- सेविंग, डिपॉजिट और चालू खातों के लिए है। इस आदेश के बाद यस बैंक कोई लोन रिन्यू नहीं कर पाएगा और ना कोई निवेश कर पाएगा।

विशेष परिस्थितियों में मिलेगी छूट
कुछ विशेष परिस्थितियों में खाताधारक को अपने खाते से 50 हजार रु से अधिक निकालने की अनुमति होगी। मेडिकल इमरजेंसी, शादी और एजुकेशन फीस जैसी जरूरतों के लिए छूट है। इस केस में ग्राहक 5 लाख तक की रकम निकाल सकते हैं। बैंक ने स्पष्ट किया है कि वह अपने 20,000 से अधिक कर्मचारियों को किराए के साथ-साथ वेतन का भुगतान भी करेगा। हालांकि, यदि यस बैंक में आपका सैलरी अकाउंट है तो आपको कुछ और फंड की आवश्यकता हो सकती है।












Click it and Unblock the Notifications