जल्द ही whatsapp ला सकता है डिजिटल पेमेंट, निवेश शुरू कर चुकी है कंपनी
वाट्सऐप के को-फाउंडर ब्रायन एक्टन ने बताया कि वह इस समय वाट्सऐप में डिजिटल पेमेंट लाने की योजना पर काम कर रहे हैं और इसे लेकर निवेश भी शुरू हो चुका है।
नई दिल्ली। वाट्सऐप के आठवें जन्मदिन के मौके पर वाट्सऐप के को-फाउंडर ब्रायन एक्टन शुक्रवार को दिल्ली में थे। इस मौके पर एक्टन से टाइम्स ऑफ इंडिया ने बात की। एक्टन ने वाट्सऐप की तरफ से हाल ही में जारी किए स्टेटस के नए फीचर के बारे में बताया कि इस पर वह काफी समय से काम रहे थे। वह बोले वाट्सऐप वाट्स अप (क्या कर रहे हो) से बना है और इसीलिए स्टेटस वाट्सऐप का बहुत ही महत्वपूर्ण फीचर है। स्टेटस पर पहले ही काम किया जाने वाला था, लेकिन उससे पहले एंड टु एंड एनक्रिप्शन, वॉयस कॉलिंग और वीडियो कॉलिंग जैसे फीचर लाना जरूरी था।

ब्रायन एक्टन ने बताया कि वह इस समय वाट्सऐप में डिजिटल पेमेंट लाने की योजना पर काम कर रहे हैं और इसे लेकर निवेश भी शुरू हो चुका है। उन्होंने कहा कि फेसबुक द्वारा अधिग्रहण किए जाने के बाद फेसबुक की तरफ से वाट्सऐप में काफी निवेश किया गया, जिसके चलते वाट्सऐप को तेजी से आगे बढ़ने में मदद मिली। उन्होंने बताया कि मौजूदा समय में वाट्सऐप में लगभग 80 इंजीनियर कम करते हैं। उन्होंने कहा कि वह बहुत ही स्मार्ट और समझदार इंजीनियर को खुद से जोड़ते हैं, ताकि वाट्सऐप के मुख्य उद्देश्य पर फोकस रखा जा सके। साथ ही वह बोले कि कम लोगों के साथ काम करना ही उन्हें अच्छा लगता है। ये भी पढ़ें- 100 रुपए से कम के 18 लाख कर बकायादारों को राहत, सरकार ने माफ किया सबका टैक्स
यूक्रेन के जैन कॉम ने ब्रायन एक्टन के साथ मिलकर ही 2009 में वाट्सऐप की शुरुआत की। उस समय दोनों ही याहू के पूर्व कर्मचारी थे। आज के समय में दुनिया भर में वाट्सऐप के कुल 1.2 अरब मासिक एक्टिव यूजर हैं, जिनमें से 20 करोड़ ग्राहक तो सिर्फ भारत से हैं। फरवरी 2014 में फेसबुक ने वाट्सऐप का 19 अरब डॉलर में अधिग्रहण कर लिया था।












Click it and Unblock the Notifications