Union Budget 2024: हे सरकार, करो मिडल क्लास का उद्धार, बजट में दे दो टैक्स स्लैब का उपहार
Union Budget 2024: एक बार फिर से देश का आम बजट आ रहा है, एक बार फिर से देश का आम आदमी बजट को उम्मीदों की नजर से देख रहा है। फिर से लोग सरकार की ओर देख रहे हैं कि उन्हें शायद टैक्स स्लैब में राहत मिल सकती है।
फिर से लोगों की आंखों में एक चमक है। पिछले कई वर्षों के बजट पर नजर डालें तो ये उम्मीद, ये आंखों की चमक बजट भाषण के बाद खो जाती है, लोगों की उम्मीदों पर पानी फिर जाता है। लोग एक बार फिर से अगले वर्ष के बजट का इंतजार इस उम्मीद से करने लगते हैं कि शायद अगले बजट में सरकार को उनकी याद आए।
साल दर साल यह सिलसिला जारी रहता है। देखने वाली बात है कि आखिर कब यह सिलसिला टूटेगा और कब मिडल क्लास की सरकार को याद आएगी और कब उनके चेहरे पर खुशी देखने को मिलेगी।

मिडल क्लास की बात करें तो यह वर्ग 9 से 5 अपने आपको दफ्तर में खर्च करता है, किसी तरह से अपने आय और खर्च को मैनेज करने की कोशिश करता है, देश की तरक्की के लिए टैक्स देता है और बदले में सरकार से हर साल यह उम्मीद करता है कि शायद उसके योगदान की भी कोई सुध लेगा।
एक्सपर्ट की मानें तो सरकार न्यू टैक्स रिजीम में मिलने वाली छूट को 7 लाख से बढ़ाकर 7.5 लाख कर सकती हैं। इसका लाभ मुख्य रूप से कम आय वाले लोगों को मिलेगा। हालांकि इसका लाभ हाई इंकम ग्रुप में आने वाले लोगों को नहीं मिलेगा।
मौजूदा समय में करदाता दो कर व्यवस्थाओं में से किसी एक को चुन सकते हैं। पुरानी व्यवस्था में कई तरह की कटौती और छूट मिलती है, जबकि नई व्यवस्था में कर की दरें कम हैं। नई व्यवस्था का मुख्य लाभ पुरानी व्यवस्था की तुलना में इसकी कर दर कम होना है, जो अभी भी कई तरह की कटौती और छूट प्रदान करती है।












Click it and Unblock the Notifications