SBI ने दिया बड़ा झटका, FD पर घटाईं ब्याज दरें, लेकिन होम-कार लोन किए सस्ते
नई दिल्ली। भारतीय रिजर्व बैंक की मौद्रिक नीति की घोषणा के एक दिन बाद देश के सबसे बड़े सरकारी बैंक स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (एसबीआई) से लोन लेना और भी सस्ता हो गया है। दरअसल बैंक ने अपनी मार्जिनल कॉस्ट ऑफ लेंडिंग रेट (एमसीएलआर) को कम कर दिया है। इसके साथ ही बैंक ने अपनी ब्याज दरों में भी कटौती का ऐलान किया है। जिससे कार लोन, होम लोन समेत कई लोन सस्ते हो गए है। बैंक द्वारा की गई इस कटौती का असर लगभग 40 करोड़ ग्राहकों पर पड़ेगा।
Recommended Video

एमसीएलआर की दर 0.05% घटकर 7.85% प्रति वर्ष हो गई है
एसबीआई ने लगातार नौवीं बार वित्त वर्ष 2019-20 के लिए मार्जिनल कॉस्ट ऑफ लेंडिंग रेट (एमसीएलआर) में कटौती का ऐलान किया है। अब एमसीएलआर की दर 0.05% घटकर 7.85% प्रति वर्ष हो गई है। इससे ग्राहकों को फायदा होगा क्योंकि अब उन्हें सस्ते में होम लोन और ऑटो लोन मिल जाएगा। इसके पहले दिसंबर में भी एसबीआई ने एमसीएलआर में बदलाव किया था। तब एसबीआई ने एक साल के एमसीएलआर में 0.10% की कटौती की थी। जिसके बाद यह दर 8.0 फीसदी से कम होकर 7.90 फीसदी हो गई थी।

नई दरें 10 फरवरी 2020 से लागू
नई दरें 10 फरवरी 2020 से लागू हो रही हैं। लोन के अतिरिक्त फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) पर भी एसबीआई ने घोषणा की है। एसबीआई ने इसमें 10 से 50 बेसिस प्वाइंट की कमी की है। इसके साथ ही एकमुश्त एफडी (बल्क टर्म डिपॉजिट) पर मिलने वाले ब्याज में भी कमी की गई है। बैंक ने एमसीएलआर में यह कटौती रिजर्व बैंक की मौद्रिक नीति समीक्षा बैठक के नतीजों की घोषणा के एक दिन बाद की है। रिजर्व बैंक ने बैठक के बाद बृहस्पतिवार को रेपो दर को 5.15 प्रतिशत पर यथवत बनाये रखा। केंद्रीय बैंक ने एक लाख करोड़ रुपये तक की राशि के लिये दीर्घकालिक रेपो की घोषणा की। इससे वाणिज्यिक बैंकों के लिये कर्ज जुटाना सस्ता हो गया।

ये होगीं नई ब्याज दरें
एसबीआई ने कहा कि उसने बैंकिंग प्रणाली में तरलता की अधिकता को देखते हुए दो करोड़ रुपये से कम के खुदरा जमा तथा दो करोड़ रुपये से अधिक के थोक जमा की ब्याज दरों में भी संशोधन किया है। खुदरा जमा के लिए ब्याज दर में 0.1 से 0.5 प्रतिशत तक की तथा थोक जमा में 0.25 प्रतिशत से 0.50 प्रतिशत तक की कटौती की गयी है। 7 से 45 दिन की एफडी कराने वालों को 4.5 फीसदी मिलेगा। 46 दिन से 179 दिन की एफडी पर 5 फीसदी ब्याज मिलेगा। इससे पहले 5.50 फीसदी ब्याज मिल रहा था।

10 साल तक की एफडी पर सिर्फ 6 फीसदी ब्याज
वहीं 180 दिन से 210 दिन की एफडी पर बैंक 5.50 फीसदी ब्याज दे रहा है। 211 दिन से 1 साल तक की एफडी पर ब्याज दरें 5.50 फीसदी है। 1 साल से 2 साल तक की एफडी पर 6 फीसदी ब्याज देगा। 2 साल से 3 साल तक की एफडी पर 6.10 फीसदी की बजाए 6 फीसदी ब्याज देगा। 3 साल से 5 साल तक की एफडी पर एसबीआई 6 फीसदी ब्याज देगा। 5 से 10 साल तक की एफडी पर सिर्फ 6 फीसदी ब्याज देगा।












Click it and Unblock the Notifications