Reliance Jio Unlimited Calling: जियो में नहीं मिलती अनलिमिटेड कॉलिंग, रोजाना 300 मिनट की है सीमा
नई दिल्ली। रिलायंस जियो की तरफ से इसकी शुरुआत में कहा गया था कि इसमें वॉइस कॉल हमेशा ही मुफ्त रहेंगे, लेकिन बावजूद इसके कंपनी की तरफ से रिलायंस जियो ग्राहकों पर एक लिमिट लगाई गई है। आप रोजाना अनलिमिटेड बात नहीं कर सकते हैं। रिलायंस जियो के रिचार्ज वाउचर की नियम व शर्तों के हिसाब से आप रोजाना सिर्फ 300 मिनट मुफ्त कॉल कर सकते हैं। अगर आप रोजाना की इस सीमा को पार करते हैं तो आप मुफ्त कॉल नहीं कर पाएंगे। साथ ही मुफ्त कॉलिंग की साप्ताहिक सीमा 1200 मिनट है और मासिक (28 दिन) सीमा 3000 मिनट है। जब कंपनी ने रिलायंस जियो को लॉन्च किया था, उस समय मुकेश अंबानी ने कहा था कि रिलायंस जियो पर आप या तो कॉलिंग का पैसा देंगे या फिर इंटरनेट का और इसके बाद उन्होंने कहा कि रिलायसं जियो के नेटवर्क पर कॉलिंग हमेशा मुफ्त रहेंगी। आपको सिर्फ इंटरनेट का इस्तेमाल करने के लिए पैसे देने होंगे। अब नियम व शर्तों से कुछ और ही तस्वीर सामने आ रही है।

100 मैसेज कर सकते हैं रोजाना
रिचार्ज वाउचर की नियम व शर्तों में यह भी कहा गया है कि आप रोजाना सिर्फ 100 मैसेज ही भेज सकते हैं जो ट्राई की तरफ से निर्धारित सीमा है। इसके अलावा यह भी कहा है कि रिलायंस जियो का प्लान सिर्फ निजी इस्तेमाल के लिए है। कंपनी के पास यह अधिकार है कि वह मुफ्त कॉलिंग को किसी दुरुपयोग की स्थिति में बंद भी कर सकती है। साथ ही यह भी साफ किया गया है कि इसका इस्तेमाल टेलेमार्केटिंग या फिर किसी कमर्शियल काम के लिए नहीं किया जाएगा।

किन ग्राहकों के लिए लिमिटेड होगी कॉलिंग
जियो प्रायोरिटी टीम के अनुसार कुछ ऐसे यूजर्स हैं जो जियो के अनलिमिटेड वॉइस कॉलिंग ऑफर का दुरुपयोग कर रहे हैं। ये यूजर्स जियो के जरिए अपना कमर्शियल प्रमोशन करने में लगे हुए हैं। ये यूजर्स जियो के सिम से 10 घंटे तक वॉइस कॉल कर रहे हैं। कंपनी की योजना है कि इन ग्राहकों की वॉइस कॉलिंग को लिमिटेड कर दिया जाए। हालांकि, अभी इसे लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।

अन्य कंपनियां भी लगाती हैं सीमा
यहां आपको बता दें कि रिलायंस जियो मुफ्त कॉलिंग पर सीमा लगाने वाली पहली टेलिकॉम कंपनी नहीं है। दरअसल, सभी कंपनियां इस तरह की सीमा लगाती हैं। अलग-अलग कंपनियों के हिसाब से मुफ्त कॉलिंग की सीमा अलग-अलग हो सकती है। इसे फेयर यूसेज पॉलिसी (एफयूपी) कहा जाता है। यह इसलिए लगाई जाती है ताकि कोई इस मुफ्त कॉलिंग का दुरुपयोग न करे सके।

149 के प्लान में मिलेगा अनलिमिटेड इंटरनेट
जहां एक ओर मुफ्त कॉलिंग के प्लान में सीमा लगाए जाने की बात सामने आई है, वहीं दूसरी ओर, 149 रुपए के प्लान में अनलिमिटेड इंटरनेट देने की खबर भी आ रही है। कंपनी के 149 रुपए के प्लान में ग्राहकों को 2 जीबी 4जी इंटरनेट डेटा मिलता है। यह डेटा खत्म होने के बाद आपको दूसरे किसी इंटरनेट प्लान से रिचार्ज कराना होता है। कंपनी इस प्लान में अनलिमिटेड इंटरनेट देने की योजना बना रही है। इसके तहत आपका 2 जीबी इंटरनेट डेटा खत्म हो जाने के बाद आप 64 केबीपीएस की स्पीड से इंटरनेट चला सकेंगे।












Click it and Unblock the Notifications