टेक और रिटेल कंपनियों पर छाई मंदी, हर घंटे जा रही हैं 23 लोगों की नौकरियां
मेटा, एक्स, एक्सेंचर, गगूल समेत दुनिया की कई दिग्गज टेक कंपनियों में इस साल लाखों कर्मचारियों को नौकरी से निकाल दिया है। ये सिलसिला अभी भी जारी है। कई स्टार्टअप समेत अनेक टेक कंपनियों ने बीते 2 वर्षों में 4 लाख से अधिक कर्मचारियों को नौकरी से निकाल दिया है।
इस दौरान भारत में भी 110 से अधिक स्टार्टअप ने 30 हजार से अधिक कर्मचारियों को नौकरी से निकाल दिया है। वैश्विक आर्थिक स्थितियों का हवाला देते हुए बिग टेक फर्मों और स्टार्टअप कंपनियों ने यह छंटनी की है।

तकनीकी क्षेत्र में नौकरियों में छंटनी पर नजर रखने वाली वेबसाइट 'layoff.fyi' के नवीनतम आंकड़ों के अनुसार, वैश्विक स्तर पर अब तक 2,120 टेक कंपनियों ने 404,962 कर्मचारियों को नौकरी से निकाल दिया है।
इस बेवसाइट पर मौजूद आंकड़ों के मुताबिक, पिछले वर्ष 2022 के दौरान 1,061 कंपनियों ने 1 लाख 64 हजार 769 कर्मचारियों को नौकरी से निकाला है। जबकि 2023 में 1059 कंपनियों ने अब तक(13 अक्टूबर) 2 लाख 40 हजार 193 कर्मचारियेां को नौकरी से निकाल दिया है।
पिछले दो वर्षों में औसतन हर दिन लगभग 555 कर्मचारियों ने अपनी नौकरियों को खो दिया है। इन आंकड़ों के मुतबिक हर घंटे 23 कर्मचारी अपनी नौकरी गंवा रहे हैं। अकेले जनवरी में 89,554 कर्मचारियों को नौकरी से हटा दिया गया। हालांकि संख्या में कमी जरूर आई है लेकिन छंटनी बदस्तूर जारी है। आंकड़ों के मुताबिक, पिछले महीने 4,632 कर्मचारियों को नौकरी से निकाला गया है।
अगर बात करें सेक्टर के हिसाब से करें तो रिटेल, टेक और कंज्यूमर टेक सेक्टर में इस वर्ष सबसे अधिक कर्मचारियों की छंटनी की हुई है। आंकड़ों की मानें तो लगभग 29161 और 28873 कर्मचारियों को क्रमश: रिटेल और टेक इंडस्ट्रीज से निकाल दिया गया है। चूंकि 2023 अभी ख़त्म नहीं हुआ है, शेष अवधि में और अधिक लोगों की नौकरियां जानी तय है।
एक मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, चिप निर्माता क्वालकॉम ने अमेरिका के कैलिफोर्निया में अपने दो ऑफिसों में लगभग 1,258 नौकरियों को खत्म करने की घोषणा की है। अन्य अमेरिकी टेक फर्मों जैसे चैनालिसिस, प्लेक्स, सिस्को, पाई इंश्योरेंस और कई अन्य ने हाल के महीनों में सैकड़ों कर्मचारियों को नौकरी से निकाल दिया है। पिछले महीने, Fortnite गेम डेवलपर एपिक गेम्स ने अपने 16 प्रतिशत कर्मचारियों को नौकरी से निकालने की घोषणा की। इस छंटनी में लगभग 870 लोगों को नौकरी से हाथ धोना पड़ा।
पिछले कुछ महीनों में ही, एसेंडेंट स्टूडियोज, बीमडॉग, क्रिस्टल डायनेमिक्स, रोब्लॉक्स, ब्लिजार्ड, टीम17, नॉटी डॉग, नियांटिक और कीवर्ड्स सहित कई गेमिंग कंपनियों ने अलग-अलग संख्या में कर्मचारियों को निकाला है। भारत में एडटेक प्रमुख बायजू ने 4,000-5,000 कर्मचारियों को नौकरी से निकालने की घोषणा की है। स्टार्टअप ने पिछले दो वर्षों में 10,000 से अधिक पदों को समाप्त कर दिया है।
पिछले महीने सितंबर में गंभीर कैश संकट के बीच ग्रोसरी डिलीवर करने वाली कंपनी 'डंजो'ने कथित तौर पर कम से कम 150-200 अधिक कर्मचारियों को निकाल दिया। स्टार्टअप ने इस साल अब तक दो जॉब कट राउंड में लगभग 400 कर्मचारियों को बर्खास्त किया है।












Click it and Unblock the Notifications