ICICI और कोटक महिंद्रा बैंक पर RBI का बड़ा एक्शन, देना होगा करोड़ों का जुर्माना
रिजर्व बैंक ने कुछ रेगुलेटरी नियमों के उल्लंघन के लिए आईसीआईसीआई बैंक और कोटक महिंद्रा बैंक पर भारी भरकम जुर्माना लगाया है। आरबीआई की ओर से आईसीआईसीआई बैंक पर 12.19 करोड़ रुपये और कोटक महिंद्रा बैंक पर 3.95 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया गया है।
रिजर्व बैंक ने मंगलवार को एक बयान में कहा कि आईसीआईसीआई बैंक पर उसने यह जुर्माना कर्ज एवं अग्रिम से संबंधित अंकुशों और धोखाधड़ी वर्गीकरण एवं बैंकों की तरफ से जानकारी देने से संबंधित मानकों के उल्लंघन पर लगाया है।

भारतीय रिजर्व बैंक ने इन बैंकों पर ये जुर्माना अलग-अलग नियमों के उल्लंघन के चलते लगाया गया है। आईसीआईसीआई बैंक पर जुर्माना जहां बैंकिग रेग्यूलेशन एक्ट के प्रावधानों का सही से पालन नहीं करने को लेकर लगाया है। आईसीआईसीआई बैंक ने ऐसी कंपनियों को लोन दिया है, जिसके डायरेक्टर्स में दो ऐसे लोग शामिल हैं। जो बैंक के बोर्ड में भी शामिल थे। ये कंपनियां नॉन-फाइनेंशियल प्रोडक्ट सेक्टर में काम करती हैं।
वहीं कोटक महिंद्रा बैंक लिमिटेड पर जुर्माना बैंकों द्वारा वित्तीय सेवाओं की आउटसोर्सिंग में जोखिम प्रबंधन और आचार संहिता, बैंकों द्वारा नियुक्त रिकवरी एजेंट और ग्राहक सेवा से संबंधित निर्देशों के उल्लंघन के लिए लगाया गया है। कोटक महिंद्रा बैंक ये सुनिश्चित करने में विफल रहा है कि लोन रिकवरी एजेंट ग्राहकों को सुबह 7 से शाम 7 बजे की सीमा से बाहर कॉल नहीं करें। ऐसे ही कई नियमों का उल्लंघन किया गया।
आरबीआई ने कहा है कि दोनों मामलों में जुर्माना नियामक अनुपालन में कमियों पर आधारित है और इसका उद्देश्य बैंकों द्वारा अपने ग्राहकों के साथ किए गए किसी भी लेनदेन या समझौते की वैधता पर प्रभाव डालना नहीं है।
भारतीय रिजर्व बैंक ने नियमों का पालन न करने के चलते इससे पहले यूनियन बैंक ऑफ इंडिया, आरबीएल बैंक और बजाज फाइनेंस लिमिटेड पर भी जुर्माना लगाया है। पिछले सात दिनों में ये पांचवीं बैंक हैं। जिन पर कार्रवाई हुई है। यूनियन बैंक ऑफ इंडिया पर 1 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया था। आरबीएल बैंक लिमिटेड पर आरबीआई ने 64 लाख रुपये का जुर्माना लगाया और बजाज फाइनेंस लिमिटेड पर 8.5 लाख रुपये का जुर्माना लगाया था।












Click it and Unblock the Notifications