ऑनलाइन बाजार में पतंजलि, अमेजन-फ्लिपकार्ट के साथ करार
नई दिल्ली। पतंजलि के उत्पाद अब ऑनलाइन भी खरीदे जा सकेंगे। इसके लिए कंपनी ने आठ बड़ी ई-रिटेलर कंपनियों से करार किया है। जिन ई-रिटेलर कंपनियों से पंतजलि करार किया है, उनमें अमेजन और फ्लिपकार्ट जैसी ई-कॉमर्स साइट भी हैं। रामदेव और आचार्य बालकृष्ण ने मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इसकी जानकारी दी है। दिल्ली में हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में रामदेव और बालकृष्ण के अलावा अमेजन, फ्लिपकार्ट, ग्रोफर्स और दूसरे ई-रिटेलर्स भी शामिल हुए। रामदेव ने इस नए करार पर 'हरिद्वार से हर द्वार' का स्लोगन दिया है।

ऑनलाइन पोर्टल पर पंतजलि के सामान
इस करार के बाद पतंजलि के उत्पाद अमेजन, फ्लिपकार्ट, पेटीएम मॉल, ग्रोफर्स और बिगबास्केट जैसे ऑनलाइन रिटेलर से खरीदे जा सकेंगे। पतंजलि अब शॉपक्लूज व नेटमेड्स के मंच के जरिए भी अपने उत्पाद बेचेगा। इस मौके पर रामदेव ने कहा कि पतंजलि के ऑनलाइन मार्किट में आने से इसकी पहुंच ज्यादा लोगों तक हो जाएगी और लोग आसानी से कंपनी उत्पादों को खरीद सकेंगे।

अभी भी ऑनलाइन उत्पाद बेचती है कंपनी
पतंजलि की ई-कॉमर्स साइट www.patanjaliayurved.net के नाम से है। मौजूदा समय में भी पतंजलि अपने निजी पोर्टल से ऑनलाइन अपने उत्पाद बेचती है। पतंजलि अब खुद बड़े स्तर पर ऑनलाइन आकर अपने उत्पाद बेचने की तैयारी कर रही है।

2016-17 में 10,500 करोड़ से ज्यादा का टर्नओवर
पतंजलि आयुर्वेद के बालकृष्ण ने इस दौरान कहा कि पतंजलि हर दिन 10 लाख से भी ज्यादा ऑर्डर प्रोसेस करने की क्षमता रखती है और वो ई-रिटेलर में भी कामयाब रहेगी। पतंजलि ने बीते सालों में काफी तेजी से पहचान बनाई है। वित्त वर्ष 2016-17 में पतंजलि का टर्नओवर 10,500 करोड़ रुपए से ज्यादा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications