Good News: अब कम पैसों में कर सकेंगे AC 3 इकोनॉमी क्लास में सफर, रेलवे ने वापस लिया अपना ये फैसला
Indian Railway ने एक अहम फैसला लिया है, जिसके तहत AC3 इकोनॉमी क्लास का विलय रद्द कर दिया गया। अब फिर से आप कम किराए में यात्रा कर सकेंगे।

पिछले कुछ सालों में यात्रियों की सुविधाओं को देखते हुए रेलवे ने कई अहम बदलाव किए, जिसके तहत AC3 इकोनॉमी क्लास को भी शामिल किया गया। इस कोच में सुविधाएं AC 3rd की तरह हैं, जबकि किराया उससे कम था। पिछले साल रेलवे ने एक अहम फैसला लेते हुए इकोनॉमी क्लास का विलय AC 3rd में कर दिया। जिससे जनता की जेब पर बोझ पड़ रहा था। हालांकि यात्रियों को एक बड़ी राहत देते हुए रेलवे ने इस फैसले को वापस लेने का आदेश जारी किया है।
मामले में रेलवे के एक अधिकारी ने कहा कि पहले के एक सर्कुलर को वापस ले लिया गया है, जिसमें एसी 3-टियर इकोनॉमी क्लास टिकट का किराया एसी 3-टियर टिकट के किराए के बराबर कर दिया गया था। इस विलय की वजह इकोनॉमी क्लास में मिल रहीं सुविधाएं, जैसे- कंबल, चद्दर आदि थी, जो पहले नहीं दी जाती थीं। नए आदेश के मुताबिक जिन यात्रियों ने ऑनलाइन और काउंटर से टिकट बुक कराया है, उन्हें पहले से बुक टिकट के लिए अतिरिक्त राशि का रिफंड दिया जाएगा।
ऐसे समझें पूरा मामला
दरअसल सितंबर 2021 में रेलवे ने 3ई नाम से नए क्लास की शुरुआत की, जो पूरी तरह से वातानुकूलित था। उसका किराया सामान्य एसी 3 कोच से 6-8 प्रतिशत कम रहता था। साथ ही ये कोच नए बने थे, ऐसे में इसमें चार्जिंग, लाइट, टॉयलेट आदि से जुड़ी सुविधाएं भी आधुनिक थीं। यात्री इसे काफी पसंद कर रहे थे, लेकिन नवंबर 2022 में रेलवे ने एसी 3 में इकोनॉमी क्लास का विलय कर दिया। जिससे यात्रियों को 60-70 रुपये ज्यादा देने पड़ रहे थे।
अभी 463 एसी इकोनॉमी कोच
मामले में रेलवे के एक अधिकारी ने बताया कि वर्तमान में 11277 एसी 3 कोच हैं, जबकि इकोनॉमी कोच की संख्या 463 है। इकोनॉमी कोच में 72 की जगह 80 सीटें होती हैं। रेलवे ने इस कोच के शुरुआती एक वर्ष में 231 करोड़ रुपये कमाए।












Click it and Unblock the Notifications