PNB और बैंक ऑफ बड़ौदा ने अपने ग्राहकों को दिया झटका, बढ़ाईं कर्ज पर ब्याज दरें
पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) ने सूचना जारी कर कहा कि, रेपो आधारित ब्याज दर (आरएलएलआर) 8.75 प्रतिशत से 9.0 प्रतिशत कर दी गयी है।

पब्लिक सेक्टर की दो बैंकों ने अपने ग्राहकों को बड़ा झटका दिया है। पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) और बैंक ऑफ बड़ौदा (बीओबी) ने कर्ज पर लगने वाले ब्याज में 0.25 प्रतिशत तक की वृद्धि की है। रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (आरबीआई) की तरफ से रेपो रेट में 25 बेसिस प्वाइंट की बढ़ोत्तरी किए जाने के बाद सार्वजनिक क्षेत्र की कई ऋणदाता बैंकों ने ब्याज दरों में इजाफा किया है।
पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) ने सूचना जारी कर कहा कि, रेपो आधारित ब्याज दर (आरएलएलआर) 8.75 प्रतिशत से 9.0 प्रतिशत कर दी गयी है। बैंक ने 0.25 प्रतिशत का इजाफा किया है।बैंक की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, नई दरें गुरुवार से प्रभावी होंगी। आरबीआइ ने मुद्रास्फीति को काबू में लाने के लिये बुधवार को रेपो रेट 0.25 प्रतिशत बढ़ाकर 6.5 प्रतिशत कर दी थी।
बैंक ऑफ बड़ौदा (बीओबी) ने कोष की सीमांत लागत आधारित ब्याज दर (एमसीएलआर) में 0.05 प्रतिशत की वृद्धि की है। बैंक ऑफ बड़ौदा के मुताबिक,ये नई दरें 12 फरवरी से प्रभाव में आएंगी। एक दिन के कर्ज के लिये एमसीएलआर 7.85 प्रतिशत से बढ़कर 7.90 प्रतिशत हो गयी। एक महीने के लिये एमसीएलआर 8.15 प्रतिशत से बढ़ाकर 8.20 प्रतिशत की गयी है।
बैंक ऑफ बड़ौदा की ओर से जारी की गई सूचना के अनुसार तीन महीने की अवधि के कर्ज पर एमसीएलआर 8.25 प्रतिशत से बढ़ाकर 8.30 प्रतिशत कर दी। वहीं एक साल की अवधि के कर्ज पर ब्याज अब 8.50 प्रतिशत की जगह 8.55 प्रतिशत होगा। वहीं दूसरी ओऱ केनरा बैंक ने आरबीआई की रेपो रेट में बढ़ोतरी के बाद लेंडिंग रेट्स में 15 बेसिस प्वाइंट्स यानी 0.15% की कटौती की है।
कैनरा बैंक की संशोधित रेपो लिंक्ड लेंडिंग रेट (आरएलएलआर) 12 फरवरी से लागू होगी। केनरा बैंक का नया आरएलएलआर मौजूदा 9.40% की तुलना में दर में कटौती के बाद 9.25% होगा। जहां एक ओर आरबीआईकी रेपो रेट बढ़ोत्तरी के बाद बाद पीएनबी और बैंक ऑफ बड़ौदा ने लेंडिंग रेट्स में इजाफा किया तो वहीं कैनरा बैंक ने कटौती की है।












Click it and Unblock the Notifications