Petrol-Diesel Price: लगातार चौथे दिन बढ़े पेट्रोल-डीजल के दाम, दिल्ली में टूटा पुराना रिकॉर्ड
Petrol-Diesel Prices Hike: कोरोना महामारी की वजह से पिछले साल देश में लॉकडाउन लागू हुआ। इसके बाद जनता की आर्थिक स्थित पूरी तरह से पटरी से उतर गई। 1 फरवरी को वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बजट पेश किया था, जिसके बाद उम्मीद जताई जा रही थी कि लोगों को महंगाई से राहत मिलेगी, लेकिन इसका उल्टा हो रहा है। शुक्रवार को लगातार चौथे दिन भी पूरे देश में पेट्रोल-डीजल के दामों में बढ़ोतरी देखी गई।

देश के प्रमुख शहरों में शुक्रवार (12 फरवरी) को पेट्रोल के दाम में 26-29 पैसे प्रति लीटर और डीजल के दाम में 34-38 पैसे प्रति लीटर के हिसाब से बढ़ोतरी हुई है। वहीं अगर पिछले 12 दिनों की बात करें तो पेट्रोल की कीमत में 4.13 रुपये प्रति लीटर की वृद्धि हुई, जबकि डीजल के मामले में ये आंकड़ा 4.26 रुपये है। इसके अलावा, खुदरा कीमतों में करीब 11 महीनों से कटौती नहीं हुई है।

राजधानी दिल्ली की बात करें तो वहां पर गुरुवार को पेट्रोल की कीमत 87.85 रुपये प्रति लीटर थी, जो शुक्रवार को 29 पैसे बढ़कर 88.14 रुपये हो गई। ये पहली बार हुआ है जब दिल्ली में पेट्रोल ने 88 का आंकड़ा पार किया है। इसके अलावा राजधानी में डीजल की कीमतों में भी 35 पैसे का उछाल देखा गया, जो अब 78.38 रुपये प्रति लीटर बिक रहा। वहीं आर्थिक राजधानी मुंबई में भी जनता महंगाई की मार झेल रही है, जहां पर 28 पैसे की बढ़ोतरी के बाद पेट्रोल 94.64 रुपये प्रति लीटर और डीजल 38 पैसे की बढ़ोतरी के बाद 85.32 रुपये लीटर बिक रहा है।
राहत देने के मूड में नहीं सरकार
आपको बता दें कि केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने इशारों ही इशारों में पेट्रोल-डीजल की कीमतों में राहत देने से इनकार कर दिया है। राज्यसभा में एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार का पेट्रोल-डीजल की कीमतों से बहुत ही कम लेना-देना है। ये कीमतें अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों पर निर्भर करती हैं। मौजूदा वक्त में दिल्ली में पेट्रोल पर लगाया गया केंद्रीय उत्पाद शुल्क 32.98 रुपये, जबकि राज्य सरकार की का वैट 19.55 रुपये है।












Click it and Unblock the Notifications