EPFO और एसबीआई की योजनाओं का लाभ लेने की डेट बढ़ी, फिलहाल अधिक टैक्स से भी राहत, नोट करें नई तारीख
आर्थिक जगत में एक जुलाई की तारीख बेहद अहम है। आपका ध्यान सीधा वस्तु एवं सेवा कर यानी जीएसटी पर जा सकता है, लेकिन इसके अलावा भी कई ऐसी योजनाएं हैं, जहां एक जुलाई से बड़े बदलाव होने वाले हैं। कई सरकारी स्कीम ऐसी हैं, जिनका लाभ लेने की तारीख बढ़ाई गई है।
रिटायर कर्मचारियों को मिलेगा फायदा
पीएफ अंशदान पैसे से जुड़ी ऐसी ही स्कीम है। दरअसल, प्रॉविडेंट फंड या EPF नौकरी-पेशा लोगों के लिए बचत का बड़ा श्रोत है। भविष्य निधि संगठन में रिटायर हो चुके कर्मचारियों के लिए हायर पेंशन का प्रावधान किया गया है। सुप्रीम कोर्ट के आदेश के आलोक में आज से करीब 20-25 साल पहले रिटायर हुए कर्मचारियों को इसका लाभ मिल सकता है।

हायर पेंशन आवेदन की डेडलाइन तीसरी बार आगे खिसकी
सेवानिवृत्त हो चुके कर्मचारी अगर हायर पेंशन यानी जितनी रकम पा रहे हैं, इससे अधिक अमाउंट की पेंशन चाहते हैं तो 11 जुलाई, 2023 तक ऑनलाइन प्रोसेस पूरा किया जा सकता है। रिपोर्ट के अनुसार, कर्मचारियों को हायर पेंशन के लिए EPFO के यूनिफायड पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन करना है। इसकी डेडलाइन तीसरी बार बढ़ाकर 11 जुलाई कर दी गई है।
पेंशन के लिए EPF को भेजना है आवेदन
हायर पेंशन के लिए भरे जाने वाले ज्वाइंट ऑप्शन में कर्मचारी को अपने नियोक्ता से भी सहमति लेनी होती है। EPFO के अनुसार, कर्मचारियों के वेतन का विवरण इमप्लॉयर को भेजना है। देशभर में पेंशनभोगियों की बड़ी संख्या को देखते हुए नियोक्ता को भी तीन महीने का समय दिया गया है।
विदेश में खर्च पर फिलहाल अधिक टैक्स नहीं
एक जुलाई से होने वाले बदलावों में टीसीएस यानी टैक्स कलेक्शन एट सोर्स को लेकर भी वित्त मंत्रालय ने बड़ा ऐलान किया है। क्रेडिट कार्ड से विदेश में बड़े खर्चों पर अधिक टैक्स वसूला जाना था। बजट 2023 में सरकार ने कहा था कि लिबरलाइज्ड रेमिटेंस योजना (LRS) के तहत विदेशी रेमिटेंस यानी दूसरे देशों में किए जाने वाले खर्चों पर 15 फीसद अधिक टैक्स देना पड़ेगा। हालांकि, कुछ मामलों में छूट भी दी गई है।
एक अक्टूबर तक 5 फीसद ही रहेगी कर की दर
बता दें कि गत दिनों जब 20 फीसद टीसीएस का ऐलान हुआ तो सरकार के फैसले की तीखी आलोचना भी हुई। अब सरकार ने कहा है कि एक जुलाई से टीसीएस की दर 20 फीसद नहीं होगी। फिलहाल, टैक्स की ये दर पांच फीसद ही रहेगी। आने वाले एक अक्टूबर तक खिसकाई गई डेडलाइन का मतलब है कि फिलहाल तीन महीने तक अधिक टैक्स भुगतान नहीं करना होगा।
SBI ने वरिष्ठ नागरिकों को दी सौगात
भारतीय स्टेट बैंक (SBI) की फिक्स्ड डिपॉजिट स्कीम में भी सीनियर सिटीजन को निवेश की और मोहलत मिल गई है। एसबीआई की स्पेशल एफडी स्कीम में इन्वेस्ट करने की लास्ट डेट बढ़ाकर 30 सितंबर कर दिया गया है। एक जुलाई और 30 सितंबर के बीच यानी तीन महीनों के दौरान SBI वी केयर वरिष्ठ नागरिक एफडी स्कीम में निवेश किया जा सकेगा।
कम से कम पांच साल और अधिकतम 10 साल के लिए पैसे फिक्स करने की योजना वाले वरिष्ठ नागरिक इसका लाभ उठा सकते हैं। इस योजना में निवेशकों को 7.5 फीसद की दर से ब्याज मिलता है।
400 दिनों की FD, 15 अगस्त तक निवेश कर सकेंगे
एसबीआई ने रिटेल कस्टमर यानी खुदरा ग्राहकों के लिए भी स्कीम की तारीख में बदलाव किया है। अमृत कलश फिक्स्ड डिपॉजिट स्कीम में पैसा लगाने वाले ग्राहकों को 45 दिनों का विस्तार मिला है। पहले 30 जून तक मान्य रही स्कीम में अब 15 अगस्त, 2023 तक निवेश किया जा सकेगा।
बैंक की ऑफिशियल वेबसाइट के अनुसार, एसबीआई की अमृत कलश एफडी की अवधि 400 दिनों की है। इसमें रेगुलर ग्राहकों को 7.1 फीसद जबकि वरिष्ठ नागरिकों को 7.6 फीसद ब्याज मिलता है।
ग्राहकों की जेब पर सीधा असर
इसके अलावा भी कई योजनाएं हैं, जिसमें एक जुलाई से बदलाव हो रहे हैं, जिसका सीधा कनेक्शन आपकी जेब से है। इकोनॉमिक टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, तीन जुलाई से हीरो मोटोकॉर्म के दो पहिया वाहन महंगे होंगे। रिजर्व बैंक की फ्लोटिंग रेट बॉन्ड में निवेश पर अधिक ब्याज मिलेगा। छोटी बचत योजनाओं पर अधिक ब्याज मिलेगा।












Click it and Unblock the Notifications