iPhone X खरीदने के लिए नहीं बेचनी होगी किडनी, ऐसे मिलेगा सस्ते में
नई दिल्ली। एप्पल की तरफ से अभी तक का सबसे महंगा आईफोन लॉन्च कर दिया गया है। इसे आईफोन-एक्स नाम दिया गया है। भारत में इस फोन की कीमत और भी अधिक होगी। आईफोन-एक्स 3 नवंबर से बिक्री के लिए उपलब्ध हो जाएगा, जिसकी कीमत 89,000 रुपए है। आईफोन-एक्स के सबसे उच्च मॉडल के लिए आपको 1 लाख रुपए से भी अधिक खर्च करने होंगे। इसके लिए आपको करीब 1,02,000 रुपए का भुगतान करना होगा।

इतने पैसों में खरीद सकते हैं ये सब कुछ
इतने पैसों के साथ आप बहुत कुछ कर सकते हैं। हो सकता है कि आप 5 वनप्लस स्मार्टफोन खरीद लें या फिर 60 जियो फोन खरीद लें. आप इन पैसों को कहीं निवेश करके भी ब्याज कमा सकते हैं। हालांकि, अगर आप एक एप्पल के एक सच्चे ग्राहक हैं तो आपको उसकी कीमत से कोई फर्क नहीं पड़ेगा। लेकिन अगर आप चाहें तो आपको आईफोन-एक्स इससे सस्ती कीमत में मिल सकता है और साथ ही अंतरराष्ट्रीय टूर करने का भी मौका मिल सकता है।

चले जाएं दुबई
भारत में आईफोन-एक्स की कीमत काफी अधिक है, लेकिन हांगकांग और यूएई जैसी जगहों पर यह फोन काफी सस्ता मिल रहा है। ऐसे में अगर आपके पास आईफोन-एक्स खरीदने के लिए 90,000 रुपए का बजट है तो आप दुबई की एक दिन की टिकट बुक कर लीजिए। इंडिगो एयरलाइन से दुबई जाने-आने में आपके 13,396 रुपए खर्च होंगे। चलिए मान लेते हैं दुबई जाने-आने में आपके 14,000 रुपए खर्च हो गए।

ऐसे बचेंगे 5 हजार रुपए
आपके 90,000 रुपए के बजट में से 14,000 रुपए खर्च होने के बाद अब आपके पास 76,000 रुपए बचे हैं। आपको बता दें कि दुबई में इस फोन की कीमत करीब 71,400 रुपए है। इस तरह से आपके पास 5000 रुपए से भी अधिक बचेंगे। इन पैसों में से कुछ पैसों का इस्तेमाल आप दुबई में एक रात किसी अच्छे होटल में रुकने के लिए कर सकते हैं। ट्रिवैगो वेबसाइट पर दिए गए होटलों की लिस्ट के हिसाब से दुबई में आपको 2-स्टार होटल एक रात के लिए 2,788 रुपए का पड़ेगा। इस तरह आपको आईफोन-एक्स के बजट में दुबई का एक दिन का ट्रिप भी मिल जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications