Budget 2026 Nirmala Sitharaman Saree: निर्मला की साड़ी में तमिल पहचान और संस्कृति की छाप, बिना कहे दिया संदेश
Budget 2026 Nirmala Sitharaman Saree: हर साल बजट वाले दिन देश की निगाहें आर्थिक आंकड़ों, टैक्स स्लैब और नई योजनाओं पर रहती है। इसके अलावा, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण जब भी बजट पेश करती हैं, तो उनकी साड़ी भी सुर्खियों में रहती है। हर बार अपनी खास साड़ी के जरिए उन्होंने बड़ा सांस्कृतिक और राजनीतिक संदेश देने की कोशिश की है। वित्त मंत्री ने इस बार साल के सबसे खास दिन अपने गृह राज्य तमिलनाडु की कांजीवरम साड़ी चुनी है।
संसद भवन पहुंचते समय उनका पहनावा पिछले कुछ वर्षों में एक सांस्कृतिक प्रतीक बन गया है। लोग इसे केवल फैशन के नजरिए से नहीं देखते हैं। यह भारत की समृद्ध हैंडलूम परंपरा, क्षेत्रीय बुनाई और कारीगरों की मेहनत के सम्मान के रूप में देखते हैं।

Nirmala Sitharaman Saree: बजट डे साड़ी बनी अनोखी परंपरा
- निर्मला सीतारमण इस वर्ष लगातार नौवां आम बजट (Budget 2026) पेश कर रही हैं। इतने लंबे कार्यकाल के दौरान उनकी साड़ी पसंद भी एक तरह की परंपरा का रूप ले चुकी है।
- हर बार उनकी साड़ी किसी न किसी राज्य की हथकरघा कला को दर्शाती है। कभी रेशम, कभी सूती, कभी पारंपरिक बॉर्डर। उनका हर चुनाव भारतीय बुनकर समुदाय से जुड़ाव का संदेश देता है।
- फैशन एक्सपर्ट्स का मानना है कि वित्त मंत्री का यह अंदाज देश के हैंडलूम सेक्टर के लिए एक सशक्त मंच का काम करता है।
- राष्ट्रीय स्तर पर जब करोड़ों लोग बजट भाषण देखते हैं, तब उनके जरिए अनजाने में ही सही, कई क्षेत्रीय बुनाई शैलियों को पहचान मिलती है।
Budget 2026 के दिन दिखा कांचीवरम का रंग
बजट 2026 पेश करने के लिए निर्मला सीतारमण ने इस बार हाथ से बुनी बैंगनी रंग की कांजीवरम सिल्क साड़ी पहनी। तमिलनाडु की इस पारंपरिक साड़ी में हल्के सुनहरे-भूरे रंग के चेक (कट्टम) और कॉफी ब्राउन बॉर्डर था। उन्होंने इसके साथ बैंगनी रंग का शॉल भी कैरी किया है। वित्त मंत्री स्वयं तमिलनाडु से हैं, इसलिए इसे अपने गृह राज्य की कला को दिया गया सम्मान भी माना जा रहा है। कांचीवरम साड़ियां अपनी मजबूत बुनाई, रेशमी चमक और पारंपरिक डिजाइन के लिए दुनिया भर में मशहूर हैं। इस साल तमिलनाडु में चुनाव हैं और वित्त मंत्री ने अपने होम स्टेट को साड़ी के जरिए बड़ा संदेश दे दिया है।
साड़ी के जरिए दिया तमिल जनता को राजनीतिक संदेश
निर्मला सीतारमण ने कभी सार्वजनिक रूप से यह नहीं बताया कि उनकी साड़ियों के पीछे कोई खास संदेश होता है। हालांकि, राजनीति संकेतों के लिए भी जानी जाती है। पिछले साल उन्होंने बिहार की मधुबनी साड़ी को चुना था। इस बार तमिलनाडु की कांजीवरम को चुना है। राजनीतिक विश्लेषक मानते हैं कि यह चुनाव हथकरघा उद्योग, ग्रामीण रोजगार और महिला कारीगरों के प्रति समर्थन का प्रतीक है।
कई साड़ियों से जुड़े बुनाई केंद्रों को जीआई टैग और अंतरराष्ट्रीय पहचान भी मिल चुकी है। इस तरह बजट का दिन सिर्फ आर्थिक घोषणाओं का नहीं, बल्कि भारतीय वस्त्र विरासत के उत्सव का भी दिन बन जाता है। इसमें निर्मला सीतारमण की साड़ी एक खामोश लेकिन प्रभावी भूमिका निभाती है।












Click it and Unblock the Notifications