Gold Rate: OPEC के ऐलान से डगमगाया सोना, कीमतें गिरने पर खरीदें या फिर बेचें?
Gold Rate: सोने-चांदी के दाम में कमी देखने को मिल रही है। OPEC Plus देशों के फैसले की वजह से ऐसा हो रहा।

पिछले हफ्ते सोने के दाम रिकॉर्ड उच्च स्तर पर पहुंच गए थे, लेकिन रविवार को OPEC Plus देशों ने आश्चर्यजनक रूप से तेल उत्पादन में कटौती की घोषणा की। जिसके बाद से सोने में बिकवाली (Sell) देखी गई। इस वजह से सोने की कीमतों में गिरावट आई है।
मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर अप्रैल 2023 के लिए सोने का वायदा अनुबंध सोमवार को कम खुला और घरेलू बाजार में 59060 रुपये प्रति 10 ग्राम के निचले स्तर पर चला गया। वहीं अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने की कीमत 0.90 प्रतिशत की गिरावट के साथ 1950 डॉलर प्रति औंस (Ounce) के स्तर पर पहुंच गई।
दूसरी ओर चांदी की कीमतों में भी गिरावट देखने को मिली। मई 2023 के लिए एमसीएक्स चांदी का वायदा अनुबंध 71,811 रुपये प्रति किलोग्राम पर खुला और बाजार खुलने के कुछ ही मिनटों के अंदर 71,437 रुपये के निचले स्तर पर पहुंच गया। वहीं अंतरराष्ट्रीय बाजार में चांदी की कीमत 2 फीसदी से ज्यादा गिरकर 23.58 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई।
क्या होगा आने वाले महीनों में भविष्य?
एक्सपर्ट्स के मुताबिक सोना लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहा है। ऐसे में गिरावट के बावजूद वो लोगों को सोना खरीदने की सलाह दे रहे। उनका मानना है ओपेक प्लस देशों द्वारा आश्चर्यजनक रूप से तेल उत्पादन में कटौती की घोषणा से मुद्रास्फीति पर चिंता बढ़ गई है और इससे सोने की कीमतों को समर्थन मिलेगा। एक्सपर्ट्स का मानना है कि मुद्रास्फीति की चिंता में वृद्धि के कारण, अगर कच्चे तेल की कीमत 80 से 90 डॉलर प्रति बैरल के दायरे में बनी रहती है, तो आर्थिक मंदी की अटकलों को बल मिल सकता है। उस दौर में सोना ही लोगों को बचाएगा।
वहीं आईआईएफएल सिक्योरिटीज के अनुज गुप्ता ने सोने और चांदी के निवेशकों को गिरावट पर खरीदारी की रणनीति बनाए रखने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि हालात सोने और चांदी के पक्ष में हैं। जल्द ही उनकी कीमतें में उछाल देखने को मिलेगा।












Click it and Unblock the Notifications