Maruti Suzuki ने 87 हजार से अधिक एस-प्रेसो और ईको मार्केट से वापस लिए, स्टीयरिंग में कंप्लेन दूर करेगी कंपनी
Maruti Suzuki ने एस-प्रेसो और ईको मॉडल वाली 87,599 गाड़ियों को बाजार से वापस मंगा लिया है। स्टीयरिंग टाई रॉड को बदलने के लिए कंपनी ने एस-प्रेसो और ईको के कंप्लेन वाले मॉडल को बाजार से अस्थायी रूप से दूर करने का फैसला लिया है।
भारत की अग्रणी कार निर्माता कंपनी मारुति सुजुकी ने सोमवार को अपनी घोषणा में कहा, वह अपने एस-प्रेसो और ईको मॉडल की 87,599 गाड़ियों को वापस ले रही है। इनकी मैनुफैक्चरिंग 5 जुलाई, 2021 और 15 फरवरी, 2023 के बीच हुई है।

मारुति सुजुकी ने कहा, "ऐसा संदेह है कि ऐसे वाहनों में इस्तेमाल होने वाले स्टीयरिंग टाई रॉड के एक हिस्से में संभावित खराबी है। दुर्लभ मामले में इसके टूटने की भी आशंका है। खराब हिस्सा वाहन संचालन को प्रभावित कर सकता है।"
मारूति सुजुकी ने कहा, प्रभावित एस-प्रेसो और ईको मॉडल वाहन मालिकों को गाड़ी के खराब हिस्से के निरीक्षण और रिप्लेसमेंट के लिए मारुति सुजुकी अधिकृत डीलर वर्कशॉप से निःशुल्क संपर्क किया जाएगा।
एस-प्रेसो और ईको मॉडल की गाड़ियों को रिकॉल करना 24 जुलाई, 2023, शाम 06:30 बजे से प्रभावी है। बता दें कि मारुति ने 2019 में एस-प्रेसो मॉडल लॉन्च किया था। माइलेज के मामले में अपने सेगमेंट में इस गाड़ी की खूब चर्चा होती है।
25.3 किमी प्रति लीटर तक की माइलेज का दावा करने वाली आइडल-स्टार्ट-स्टॉप तकनीक के साथ 1-लीटर पेट्रोल इंजन वाला एक नया संस्करण पिछले साल लॉन्च किया गया था। यह मॉडल डुअल एयरबैग, हाई-स्पीड अलर्ट सिस्टम, सभी वेरिएंट में रिवर्स पार्किंग सेंसर स्टैंडर्ड जैसे फीचर्स से लैस था।
मारूति सुजुकी की इन गाड़ियों में एजीएस वेरिएंट में हिल होल्ड असिस्ट के साथ इलेक्ट्रॉनिक स्टेबिलिटी प्रोग्राम (ईएसपी) जैसे फीचर्स भी दिए जाते हैं। 2022 में, मारुति ने 5.10 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) पर ईको एमपीवी का एक नया संस्करण भी पेश किया था।
नई ईको 13 वेरिएंट में उपलब्ध है, जिसमें 5-सीटर कॉन्फ़िगरेशन, 7-सीटर कॉन्फ़िगरेशन, कार्गो, टूर और एम्बुलेंस संस्करण शामिल हैं। हालांकि, पिछले कुछ समय में कार की स्टीयरिंग में कुछ कंप्लेन आई, जिसके कारण 87 हजार से अधिक कारों को बाजार से वापस लिया गया।












Click it and Unblock the Notifications