Jio Phone: वारंटी में बड़ा लोचा, कंपनी ऐसे खाली करेगी आपकी जेब
नई दिल्ली। रिलायंस जियो की तरफ से जियो फोन जुलाई में ही लॉन्च किया जा चुका है। 24 अगस्त से इसकी प्री-बुकिंग शुरू की गई और महज दो दिनों में करीब 6 लाख जियो फोन बुक हुए। जल्द ही पहली प्री-बुकिंग वाले मोबाइलों की डिलीवरी भी शुरू होने वाली है। यूं तो यह फोन सभी के लिए मुफ्त है, लेकिन 1500 रुपए की सिक्योरिटी देनी होगी, जो 3 साल बाद वापस मिल जाएगी। कंपनी ने अपनी वेबसाइट पर यह 1500 रुपए की सिक्योरिटी रिफंड करने के नियम व शर्तें बताई हैं। इससे जो खुलासा हुआ है वह हो सकता है कि आपको हैरान कर दे। कंपनी ने वेबसाइट पर दी गई नियम व शर्तों में वारंटी को लेकर भी बड़ा खुलासा हुआ है, जो अभी तक किसी भी रिलायंस जियो के ग्राहक को पता नहीं था, ना ही कंपनी ने फोन की लॉन्चिंग के समय ऐसी कोई बात बताई थी। आइए जानते हैं फोन की वारंटी से जुड़ा बड़ा खुलासा।

सिर्फ 1 साल की वारंटी
भले ही आपको रिलायंस जियो के जियो फोन को 3 साल बाद वापस लौटाने पर आपका 1500 रुपए का सिक्योरिटी डिपॉजिट आपको वापस मिल जाएगा। लेकिन आपको यह जानकर हैरानी हो सकती है कि कंपनी ने जियो फोन की वारंटी सिर्फ 1 साल रखी है। यानी अगर आपके फोन में कोई खराबी आती है तो कंपनी 1 साल तक को आपके फोन को बिना किसी पैसे के सही कर देगी, लेकिन उसके बाद आपको कीमत चुकानी होगी।

2 साल तक कंपनी ऐसे करेगी कमाई
आइए अब आपको बताते हैं कि जियो फोन से रिलायंस जियो की कमाई कैसे होगी। कंपनी ने नियम व शर्तों की लिस्ट में यह साफ-साफ लिखा है कि आप रिलायंस जियो के जियो फोन में कोई भी खराबी आने पर उसे सिर्फ जियो स्टोर पर ही सही करवाएंगे। ऐसे में साल भर की वारंटी के बाद अगर कोई खराबी आती है तो ग्राहकों को उसे जियो स्टोर से ही सही करवाना होगा, जिससे भी कंपनी कमाई करेगी।

तो नहीं मिलेगा रिफंड, वारंटी होगी रद्द
अगर आप अपने जियो फोन को वारंटी के दौरान कोई खराबी आने पर जियो स्टोर पर न दिखाकर किसी अन्य स्टोर पर सही करवाते हैं तो आपको इसका हर्जाना झेलना पड़ेगा। ऐसी स्थिति में आपके फोन की वारंटी रद्द हो जाएगी। इतना नहीं, आपको 3 साल बाद फोन वापस करने पर जो 1500 रुपए का रिफंड मिलना था, वह भी नहीं मिलेगा। यहां तक कि अगर आप साल भर की वारंटी के बाद भी अपना फोन जियो स्टोर के बजाए किसी और स्टोर से सही करवाते हैं तो भी आप 3 साल बाद अपना रिफंड वापस नहीं ले सकेंगे।












Click it and Unblock the Notifications