jio phone की ऑफलाइन बुकिंग शुरू, दस्तावेज से डिलीवरी डेट तक जानें हर जरूरी बात
नई दिल्ली। जहां एक ओर लोग जियो फोन की ऑनलाइन बुकिंग का इंतजार कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर दिल्ली-एनसीआर में इसकी ऑफलाइन बुकिंग शुरू भी हो गई है। एनडीटीवी गैजेट 360 की रिपोर्ट के अनुसार बुकिंग की प्रक्रिया, जरूरी दस्तावेज और डिलीवरी की तारीख जैसी जानकारियां भी बताई गई हैं।

कैसे ऑफलाइन बुक करें जियो फोन?
जियो फोन बुक करने के लिए आपको अपने आधार कार्ड की एक कॉपी अधिकृत जियो रिटेलर को देनी होगी। हर आधार नंबर पर सिर्फ एक जियो फोन लिया जा सकेगा। जब आप आधार की कॉपी रिटेलर के पास जमा करेंगे, तब आपको 1500 रुपए का भुगतान नहीं करना होगा, बल्कि जब आपका फोन आ जाएगा और आप अपना फोन लेने रिटेलर के पास जाएंगे, तब आपको यह पैसे जमा करने होंगे। गैजेट 360 की रिपोर्ट के अनुसार अगर आप अभी अपना फोन ऑर्डर करते हैं तो आपको 1 सितंबर से 4 सितंबर के बीच यह फोन मिल जाएगा।

ऑनलाइन कैसे बुक करें जियो फोन?
अगर आप जियो फोन ऑनलाइन बुक करना चाहते हैं तो इसके लिए आपको http://www.jio.com/en-in/jp-keep-me-posted इस लिंक पर जाना होगा। यहां पर आपको एक छोटा सा फॉर्म भरना होगा, जिसमें आपका नाम, मोबाइल नंबर, ईमेल पता जैसी जानकारियां भरनी होंगी। जैसे ही यह फोन स्टॉक में आएगा, आपको इसकी सूचना दे दी जाएगी, जिसके बाद आप अपने लिए फोन बुक कर सकते हैं। इस फोन की बुकिंग 24 अगस्त से शुरू होनी है।

क्या है जियो फोन?
रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड के 40 साल पूरे होने पर कंपनी की तरफ से 21 जुलाई को एजीएम में जियो फोन लॉन्च किया गया है। यह फोन सभी रिलायंस जियो यूजर्स को मुफ्त में दिए जाने की घोषणा की गई है। हालांकि, इसके लिए आपको सिक्योरिटी डिपॉजिट के तौर पर 1500 रुपए जमा करने होंगे। ये पैसे आपको तीन साल बाद फोन वापस करने पर वापस भी मिल जाएंगे। इस तरह से आपको मुफ्त में यह फोन मिल जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications