IRCTC 35 Paisa Insurance: मुश्किल घड़ी में 35 पैसे का बीमा दिला सकता है 10 लाख रुपए
IRCTC 35 Paisa Insurance: अक्सर जब आप ट्रेन टिकट बुक करते हैं तो आपको 35 पैसे में बीमा लेने का विकल्प दिया जाता है, लेकिन कई लोग इसे नजरअंदाज कर देते हैं। मुश्किल समय में यह आपके लिए काफी फायदेमंद हो सकता है।

IRCTC 35 Paisa Insurance: ओडिशा में जिस तरह से भीषण रेल हादसा सामने आया है उसमे सैकड़ों लोगों की जान चली गई और एक हजार से अधिक लोग घायल हुए हैं। रेल यात्रा के दौरान जिस तरह से सैकड़ों घर सूने हो गए हैं, उसके बाद इन परिवारों के सामने भविष्य का संकट मंडरा राहा है।
मुआवजे का ऐलान
इस हादसे के बाद रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने मृतकों के परिजनों को 10-10 लाख रुपए का मुआवजा देने का ऐलान किया है। साथ ही जो लोग गंभीर रूप से घायल हैं उन्हें 2-2 लाख रुपए का मुआवजा और जिन्हें मामलू चोट आई है उन्हें 50-50 हजार रुपए का मुआवजा देने का ऐलान किया है।
35 पैसे का इंश्योरेंस बड़े काम का
शुक्रवार को हुए इस भीषण रेल हादसे के बाद ट्रैवल इंश्योरेंस को लेकर चर्चा तेज हो गई ङै। दरअसल जब आप आईआरसीटीसी पर ट्रेन टिकट बुक करते हैं तो इस दौरान आपको 35 पैसे में इस यात्रा का इंश्योरेंस कराने का विकल्प दिया जाता है।
इस बीमा के तहत आईआरसीटीसी यात्रियों को 10 लाख रुपए का मुआवजा देता है, अगर यात्री की मौत हो जाती है। यात्रा के दौरान अगर यात्री की मौत होती है, दिव्यांग हो जाता है या एक्सिडेंट के दौरान घायल होने पर अस्पताल में भर्ती होता है तो उसे बीमा राशि मिलती है।
कितनी राशि मिलती है
अगर रेल यात्रा के दौरान हादसा होता है और यात्री की मौत हो जाती है या फिर कोई अंग-भंग होता है तो बीमा कंपनी 10 लाख रुपए की बीमा राशि देती है। अगर यात्री का कोई अंग स्थायी रूप से खराब हो जाता है या आंशिक रूप से उसका कोई अंग चोटिल हो जाता है तो उसे 7.5 लाख रुपए की राशि दी जाती है। अस्पताल में भर्ती होना पड़ता है तो 2 लाख रुपए और शव को ट्रांसपोर्ट करने के लिए एक लाख रुपए की राशि दी जाती है।
ई टिकट पर यह सुविधा
आईआरसीटीसी द्वारा दिए जा रहे इस बीमा का लाभ सिर्फ भारतीय यात्रियों को ही मिलता है, अगर वह अपना टिकट ई-टिकट बुक करते हैं या फिर उनके पास एनजीईटी वेबसाइट द्वारा बुक किया गया टिकट है। विदेशी नागरिक इस बीमा के लिए अर्ह नहीं है। यह स्कीम वैकल्पिक है, जिसे टिकट बुक करते समय लेना होता है।
फोन पर आएगा बीमा का मैसेज
टिकट बुक करते समय अगर यात्री ने इस बीमा को चुना है तो इसका मैसेज उनके फोन पर आएगा, जोकि बीमा कंपनी की ओर से सीधा भेजा जाता है। पॉलिसी नंबर को बुक टिकट के जरिए हासिल किया जा सकता है, जोकि आईआरसीटी के पेज पर उपलब्ध होता है।
नॉमिनेशन की जानकारी देना जरूरी
टिकट बुक करने के बाद नॉमिनेशन की जानकारी भी दर्ज करनी होती है। अगर नॉमिनेशन की जानकारी नहीं है तो बिमा की राशि दावा करने वाले कानूनी उत्तराधिकारी को दी जाएगी। ऐसे में रेल टिकट बुक करते समय आपको इस 35 पैसे के बीमा को जरूर लेना चाहिए।












Click it and Unblock the Notifications