IPL 2023: मुफ्त में IPL दिखाकर भी जियो सिनेमा कर रहा है मोटी कमाई, जानिए कैसे
IPL 2023: आखिर जियो सिनेमा मुफ्त में लोगों को आईपीएल दिखाकर कैसे कर रहा है कमाई। क्या जियो सिनेमा के लिए है यह घाटे का सौदा, समझिए आसान भाषा में।

IPL 2023: आईपीएल की खुमारी हर किसी के सिर पर चढ़कर बोल रही है। इस बार खास बात यह है कि आईपीएल को आप फ्री में Jio Cinema पर देख सकते हैं। किसी भी मोबाइल नेटवर्क का इस्तेमाल करने वाले मुफ्त में इस बार आईपीएल का लुत्फ उठा रहे हैं।
लेकिन ऐसे में सवाल यह उठता है कि आखिर जब जियो सिनेमा पर आईपीएल को मुफ्त में दिखाया जा रहा है तो आखिर जियो सिनेमा इससे कमाई कैसे करेगा, क्या अंबानी को इससे नुकसान होगा। आज हम आपको इन तमाम सवालों के जवाब देंगे।
जियो की एंट्री से पहले IPL से कमाई का गणित
आईपीएल ब्रॉडकास्ट में मुकेश अंबानी की एंट्री से पहले 2017 से 2022 तक आईपीएल के टीवी और डिजिटल राइट्स को 16347 करोड़ रुपए में बेचा जाता था। लेकिन मुकेश अंबानी ने सिर्फ डिजिटल ब्रॉडकास्ट के राइट के लिए 23758 करोड़ रुपए खर्च किए। यह राइट्स 5 साल के लिए मुकेश अंबानी को मिल गए। यानि एक साल में तकरीबन 4700 करोड़ रुपए अंबानी खर्च कर रहे हैं।
पहले OTT पर कितने यूजर?
जियो पर आईपीएल की एंट्री से पहले हॉटस्टार पर सर्वाधिक लोग मैच देखते थे। जिसकी वजह से हॉटस्टार शीर्ष पर पहुंच गया। 2018 में हॉटस्टार के पास 48 मिलियन मंथली यूजर थे। लेकिन आईपीएल के आने के बाद यह आंकड़ा 300 मिलियन पहुंच गया। इसकी बड़ी वजह आईपीएल थी। हर मैच में 20-25 मिलियन लोग मैच को ओटीटी पर देखा करते थे। लेकिन अधिकतर लोग मैच टीवी पर देखते थे।
जियो सिनेमा पर तमाम नए फीचर
समझने वाली बात है कि हॉटस्टार साल के 300-400 रुपए सब्सक्रिप्शन के लेता था। जिससे हॉटस्टार अपने पैसे वसूल लेता था लेकिन रिलायंस सिनेमा पर मैच पूरी तरह से फ्री हैं। हर नेटवर्क के यूजर के लिए इसे फ्री कर दिया गया। जिसके पास जियो का सिम नहीं है उसके लिए भी यह फ्री कर दिया गया। अधिक यूजर तक पहुंचने के लिए इसे भोजपुरी समेत 12 भाषाओं में दिखाया जा रहा है। यही नहीं अलग-अलग एंगल से भी मैच को दिखाने की शुरुआत की गई। टॉप एंगल, स्टंब कैमरा, वेब कैमरा समेत कई विकल्प दिए गए जिससे आप मैच को अलग ही एंगल से देख सकते हैं।
इसके साथ ही जियो सिनेमा ने लाइव मैच को रोक कर देखने की सुविधा, रिवर्स करके देखने की सुविधा, हाईलाइट देखने की सुविधा दी। हाई रिजोल्यूशन, एचडी, फुल एचडी और 4 के क्लैरिटी के साथ देखने का भी विकल्प मुहैया कराया गया। इन तमाम सुविधाओं के साथ माना जा रहा है कि इस बार ओटीटी पर मैच देखने वालों की संख्या 400-500 मिलियन पार जा सकता है। हर रोज तकरीबन 10 करोड़ लोग मैच देखेंगे।
विज्ञापन के जरिए कमाई
जब कोई कंपनी अपना प्रचार करना चाहती है तो वह ऐसे ओटीटी प्लेटफॉर्म को चुनना चाहती हैं जहां पर अधिक से अधिक यूजर हो। ऐसे में जिस तरह से जियो सिनेमा पर यूजर की संख्या बढ़ेगी इसपर विज्ञापन भी बढ़ेगा। विज्ञापन से होने वाली कमाई को ऐसे समझते हैं। कम से कम 10 सेकेंड के विज्ञापन के लिए पहले आईपीएल में इसका रेट 13-14 लाख रुपए था, जोकि अब 17-18 लाख रुपए पहुंच गया है। कुछ मैचों में यह 25 लाख तक पहुंच जाता है। पहले कम से कम एक मिनट का स्लॉट बुक करना होता था। यानि इस लिहाज से अगर 10 सेकेंड का दाम 20 लाख है तो एक मिनट के लि आपको 1.20 करोड़ रुपए देना होता है। कंपनियों को विज्ञापन चलाने के लिए कम से कम 20 करोड़ रुपए की बल्क डील करनी होती थी।
जियो ने विज्ञापन के दाम घटाए
लेकिन जियो सिनेमा ने इसमे बदलाव किया। जियो ने कम से कम 10 करोड़ रुपए की बल्क डील की अनुमति दे दी। साथ ही एक विज्ञापन के लिए 60 सेकेंड की सीमा को कम करके 15 सेकेंड कर दिया गया। ऐसे में जिसका बजट 25-30 लाख रुपए है वो भी इसपर अपना विज्ञापन दिखा सकता है। आईपीएल के शुरू होने से पहले जियो सिनेमा ने 500 से अधिक कंपनियों के साथ विज्ञापन के लिए पहले ही डील कर ली। अनुमान के मुताबिक तकरीबन 2000-2500 करोड़ रुपए की कमाई विज्ञापन से ही हो जाती है।
रिजोल्यूशन से कमाई
अगर आप फोन पर 360पी पर मैच देखते हैं तो एक घंटे में आपका डेटा 0.3 जीबी डेटा खर्च होता है। तीन घंटे के मैच को यूजर 1 जीबी में देख सकते हैं। लेकिन लोग अच्छे रिजोल्यूश पर मैच देख रहे हैं, उन्हें 720 पी पर मैच देखने के लिए प्रति घंटा 1 जीबी का डेटा खर्च करना पड़ता है, ऐसे में 3 जीबी के लिए अतिरिक्त पैसे खर्च करने होते हैं। 1080 पी में मैच देखने के लिए आपको 3 घंटे के मैच पर 9 जीबी डेटा खर्च करना होता है। इसके साथ ही 4 के में देखने के लिए 21 जीबी डेटा खर्च होता है। लिहाजा अतिरिक्त डेटा के लिए लोगों को अतिरिक्त पैसे खर्च करने पड़ते हैं, जिससे जियो को अच्छी कमाई होती है।
जियो फाइबर से बढ़ेगी कमाई
हालांकि इसका फायदा एयरटेल, वोडाफोन को भी होगा। लेकिन कोई भी हर रोज 1-2 जीबी डेटा नहीं खरीदेगा, यह काफी महंगा पड़ सकता है। ऐसे में जियो फाइबर मात्र 399 रुपए में अनलिसिमिटेड ब्रॉडबैंड मुहैया करा रहा है। बेहतर इंटरनेट के लिए लोग जियो फाइबर को लगवा सकता है। ऐसे में जियो फाइबर के यूजर्स की संख्या में बढ़ोत्तरी देखने को मिलेगी।
जियो ग्लास से कमाई
हाल ही में रिलायंस इंडस्ट्रीज की एजीएम में ऐलान किया गया है कि जल्द ही जियो ग्लास को लॉन्च किया जाएगा। यानि इसके जरिए आप आपको मैच फोन को पकड़ कर रखकर अलग-अलग मुद्रा में मैच देखना पड़ता है. लेकिन जियो ग्लास से आप इसे कहीं भी बैठकर लेटकर आराम से मैच का लुत्फ उठा सकते हैं। इसे आपको अपने फोन से कनेक्ट करना होगा और मैच और अन्य कंटेंट का लुत्फ आसानी से ले सकेंगे। माना जा रहा है कि यह 2000-2500 रुपए का हो सकता है।
कीपैड फोन-केबल लॉन्च से कमाई
इसके अलावा कई लोग ऐसे हैं जो टच स्क्रीन की जगह कीपैड वाला फोन इस्तेमाल करते हैं। जियो ने इस फोन पर भी मैच को दिखाने का फैसला लिया है। देश में 40-45 करोड़ लोग बटन वाला फोन इस्तेमाल करते हैं। माना जा रहा है कि इस फोन की बिक्री भी बढ़ सकती है। जियो ने एक मीडिया केबल लॉन्च की है। इस केबल को फोन से जोड़कर आप टीवी से जोड़ सकते हैं और आराम से मैच का लुत्फ उठा सकते हैं।
सब्सक्रिप्शन से कमाई
हालांकि अभी जियो सिनेमा का सब्सक्रिप्शन फ्री है, लेकिन जिस तरह से मुफ्त होने की वजह से इस प्लेटफॉर्म पर यूजर्स की संख्या बढ़ेगी। आईपीएल खत्म होने के बाद जियो सिनेमा पर कुछ और बेहतर कंटेंट शुरू करके यूजर्स को इससे जोड़ने की कोशिश की जाएगी। याद हो कि आईपीएल से पहले फीफा को भी जियो सिनेमा ने मुफ्त में दिखाया था। आने वाले समय में कुछ फिल्मों आदि से भी टाई अप हो सकता है। ऐसे में इन तमाम सुविधाएं शुरू होने के बाद यहां पर यूजर बढ़ेंगे। लिहाजा कोई भी फिल्म ओटीटी पर लॉन्च करना चाहेगी तो वह सबसे अधिक यूजर वाले प्लेटफॉर्म को चुनेगा। अगर आपको याद हो कि जियो सिम के लॉन्च के समय भी ऐसा ही हुआ था। इसे लोगों को फ्री में दिया गया और कई महीनों तक इसपर कॉलिंग, नेट सब फ्री था। बाद में यूजर्स के ने पैसे लेना शुरू किया, हालांकि कई यूजर्स चले गए, लेकिन आज भी जियो नंबर-1 पर है। कुछ इसी तरह से जियो सिनेमा पर भी सब्सक्रिप्शन के आने वाले समय में पैसे लिए जाएंगे।












Click it and Unblock the Notifications