भारत ने 400 बिलियन डॉलर के निर्यात लक्ष्य को किया पार, पीएम मोदी ने दी बधाई
नई दिल्ली, 23 मार्च: कोरोना महामारी के बीच भारत ने एक नया कीर्तिमान रचा है, जहां चालू वित्त वर्ष में निर्यात 400 बिलियन डॉलर के पार पहुंच गया। भारत सरकार ने काफी दिनों से ये लक्ष्य निर्धारित कर रखा था। अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खुद इस कीर्तिमान के लिए देश के किसानों, उद्योगपतियों और निर्यातकों को बधाई दी है। साथ ही ये कामना की कि आने वाले दिनों में भारत ऐसे नए-नए कीर्तिमान रचता रहे।

पीएम मोदी ने ट्वीट कर लिखा कि भारत ने 400 अरब डॉलर के माल निर्यात का महत्वाकांक्षी लक्ष्य निर्धारित किया था और इस लक्ष्य को पहली बार हासिल किया है। मैं इस सफलता के लिए अपने किसानों, बुनकरों, एमएसएमई, निर्माताओं, निर्यातकों को बधाई देता हूं। ये हमारी आत्मानिर्भर भारत यात्रा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है। पीएम ने इसके साथ #LocalGoesGlobal लिखा।
भारत सरकार के मुताबिक 400 बिलियन डॉलर वाला लक्ष्य 9 दिन पहले ही हासिल कर लिया गया। इन आंकड़ों पर ध्यान दें तो भारत ने रोजाना एक बिलियन डॉलर से ज्यादा का सामान दूसरे देशों में भेजा है। वहीं महीने की बात करें तो ये आंकड़ा औसतन 33 अरब डॉलर का है। इससे साफ होता है कि मेक इन इंडिया की मुहिम रंग ला रही है।
दिसंबर 2021 में रचा इतिहास
वाणिज्य मंत्रालय के मुताबिक भारत ने दिसंबर 2021 में 37 अरब डॉलर का निर्यात हासिल किया, जो एक महीने में सबसे अधिक है। इसके अलावा ये पिछले साल दिसंबर की तुलना में 37 प्रतिशत ज्यादा है। मंत्रालय ने कहा कि पिछले दिसंबर में भारत का व्यापारिक निर्यात $37.29 बिलियन था, जबकि 12 महीने पहले के इसी आंकड़े 27.22 बिलियन डॉलर से अधिक दर्ज किए गए थे।












Click it and Unblock the Notifications