'5 दिन ऑफिस आने का...', नारायण मूर्ति के 70 घंटे काम वाले बयान पर हर्ष गोयनका ने कही ये बड़ी बात
Harsh Goenka on Narayana Murthy 70-hour work week: इंफोसिस के को-फाउंडर नारायण मूर्ति के हर हफ्ते में 70 घंटे काम करने के फैसले ने सोशल मीडिया पर बहस छेड़ दी है। जहां कई लोग उनके बयान से सहमत थे, वहीं कई लोगों ने इसकी आलोचना भी की। अब आरपीजी एंटरप्राइजेज के चेयरमैन हर्ष गोयनका ने एक कर्मचारी के काम के घंटों पर अपनी राय साझा की है।
हर्ष गोयनका ने एक सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए इस मामले पर अपने विचार जाहिर करते हुए कहा कि प्रोडक्टिविटी काम किए गए घंटों की संख्या से नहीं मापा जा सकता। हर्ष गोयनका ने कहा कि, हमें उद्देश्य और व्यक्तिगत उत्पादकता और व्यक्तिगत महत्वाकांक्षाओं पर जोर देना चाहिए।

हर्ष गोयनका ने सोशल मीडिया पोस्ट एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर कहा, 'अब ऑफिस में 5 दिन काम करने वाला पारंपरिक कल्चर ट्रेंड में नहीं है। लोग अपने ऑफिस का अब 33 फीसदी काम ऑफिस से दूर रहकर कर रहे हैं। यह हमारे लिए एक गेम चेंजर है। काम में लचीलापन होना बहुत जरूरी है। ये काम की बढ़ोतरी के लिए भी जरूरी है।'
हर्ष गोयनका ने हाइब्रिड कार्य मॉडल की वकालत करते हुए आगे कहा, 'हाइब्रिड काम वर्तमान और भविष्य है। यह मॉडल व्यक्तिगत जरूरतों के मुताबिक कार्यालय और दूरस्थ कार्य को मिश्रित करता है। यह अब 50 या 70 घंटे काम करने के बारे में नहीं है, बल्कि आपकी अपनी महत्वाकांक्षा, आपके उद्देश्य और आपकी उत्पादकता के बारे में है।'
हर्ष गोयनका ने आखिर में लिखा, "बदलाव को स्वीकार करें, नए कार्य परिदृश्य को अपनाएं, और कार्यालय और घर के बीच अपना पसंदीदा स्थान खोजें। यह प्राथमिकता देने का समय है कि आपके कार्य जीवन में वास्तव में क्या मायने रखता है!"












Click it and Unblock the Notifications