भारत के विदेशी मुद्रा भंडार ने तोड़ा रिकॉर्ड, पहली बार हुआ 500 अरब डॉलर के पार
नई दिल्ली। देश के विदेशी मुद्रा भंडार (Forex Reserve) ने सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। ये भंडार देश के इतिहास में पहली बार 500 अरब डॉलर को पार कर गया है। भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के अनुसार, 5 जून को समाप्त होने वाले सप्ताह में भारत का विदेशी मुद्रा भंडार 8.22 अरब डॉलर तक बढ़ा है। जिससे अब कुल भंडार 501.70 अरब डॉलर का हो गया है। इससे पहले 29 मार्च को खत्म होने वाले सप्ताह में इसमें 3.44 अरब डॉलर की बढ़ोतरी देखी गई थी। उस वक्त कुल विदेशी मुद्रा भंडार 493.48 अरब डॉलर तक हो गया था।
Recommended Video

इसे लेकर महिंद्रा समूह के चेयरमैन आनंद महिंद्र ने भी खुशी जताई है। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि '30 साल पहले भारत का विदेशी मुद्रा भंडार लगभग शून्य हो गया था। अब हमारे पास दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा भंडार है। ऐसे मुश्किल वक्त में ये खबर मनोबल बढ़ाने वाली है। हमारे देश की क्षमता को ना भूलें और विकास पथ पर वापस जाने के लिए इसका बुद्धिमानी से उपयोग करें।' विदेशी मुद्रा भंडार के मामले में भारत अब चीन और जापान के बाद तीसरे स्थान पर पहुंच गया है। हमारा देश पहले ही इस मामले में रूस और दक्षिण कोरिया से आगे निकल गया है।
आनंद महिंद्रा ने अपने ट्वीट के साथ एक आर्टिकल भी शेयर किया है। जिसमें कहा गया है कि बीते सप्ताह में विदेशी मुद्रा भंडार 493 अरब डॉलर तक रहा है और ये अगले 17 महीने तक के लिए आयात जरूरतें पूरी करने के लिए पर्याप्त है। इसमें इजाफे की एक वजह डॉलर का कम भुगतान करना भी बताया जा रहा है। इसके साथ ही बीते कुछ महीनों में विदेशी कंपनियों का भारतीय बाजारों में निवेश बढ़ गया है। वहीं वित्त वर्ष 2019-20 की बात करें, तो इस दौरान विदेशी मुद्रा भंडार में 62 अरब डॉलर तक की बढ़ोतरी हुई है।












Click it and Unblock the Notifications