'भारतीय अर्थव्यवस्था की लचीलेपन को दिखाती है', दूसरी तिमाही में जीडीपी में वृ्द्धि पर बोले पीएम मोदी
PM Modi on GDP Growth: जुलाई-सितंबर तिमाही में भारत के सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) में वृद्धि पर पीएम नरेंद्र मोदी ने टिप्पणी की है। उन्होंने गुरुवार को कहा कि 7.6 प्रतिशत की वृद्धि संख्या भारतीय अर्थव्यवस्था की लचीलेपन को दिखाती है।
पीएम मोदी ने एक्स (ट्विटर) पर लिखा कि दूसरी तिमाही के लिए जीडीपी वृद्धि संख्या वैश्विक स्तर पर ऐसे कठिन समय के बीच भारतीय अर्थव्यवस्था की लचीलापन और ताकत को दर्शाती है।

उन्होंने कहा कि हम अधिक अवसर पैदा करने, गरीबी का तेजी से उन्मूलन करने और अपने लोगों के लिए 'जीवन जीने में आसानी' में सुधार लाने के लिए तेज गति से विकास सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
गुरुवार को जारी लेटेस्ट सरकारी आंकड़ों के अनुसार, भारत की अर्थव्यवस्था इस वित्तीय वर्ष की सितंबर तिमाही में 7.6 प्रतिशत बढ़ी। इसके साथ ही सबसे तेजी से बढ़ने वाली बड़ी अर्थव्यवस्था बनी रही। यह वृद्धि मुख्य रूप से विनिर्माण, खनन और सेवा क्षेत्रों के बेहतर प्रदर्शन के चलते हुई थी। इस दौरान चीन ने 4.9 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज हुई।
हालांकि, दूसरी तिमाही में जीडीपी वृद्धि इस वित्तीय वर्ष की पहली तिमाही की तुलना में थोड़ी कम रही। अप्रैल-जून में जीडीपी ग्रोथ 7.8 फीसदी रही। पिछले साल दूसरी तिमाही में जीडीपी ग्रोथ 6.2 फीसदी रही थी।
राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय (एनएसओ) के आंकड़ों से पता चलता है कि खनन और उत्खनन क्षेत्र में सकल मूल्य वर्धित दूसरी तिमाही में बढ़कर 10 प्रतिशत हो गया, जबकि एक साल पहले इसमें 0.1 प्रतिशत की गिरावट आई थी। जहां निर्माण क्षेत्र में दूसरी तिमाही में साल-दर-साल 13.3 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। वहीं बिजली, गैस, जल आपूर्ति और अन्य उपयोगिता सेवाओं में 6.1 प्रतिशत से 10.1 प्रतिशत की वृद्धि हुई।
लेखा महानियंत्रक (सीजीए) द्वारा गुरुवार को जारी आंकड़ों के अनुसार, अक्टूबर के अंत में सरकार का राजकोषीय घाटा पूरे साल के बजट अनुमान का 45 प्रतिशत तक पहुंच गया।












Click it and Unblock the Notifications