वित्त मंत्रालय ने किया साफ, 1000 रुपए का नोट लाने की अभी कोई योजना नहीं
नई दिल्ली। हाल ही में भारतीय रिजर्व बैंक की तरफ से 200 और 50 रुपए का नोट जारी किया था। इसके बाद से ही यह कयास लगाए जा रहे थे कि अब जल्द ही सरकार 1000 रुपए के नोट भी जारी करने वाली है। लेकिन अब वित्त मंत्रालय ने यह साफ कर दिया है कि 1000 रुपए का नोट जारी नहीं किया जाएगा। मंगलवार को वित्त मंत्रालय ने कहा- 1000 रुपए के नोट लाने का कोई प्रस्ताव नहीं है।

आपको बता दें कि पिछले साल 9 नवंबर से 500 और 1000 रुपए के नोटों को बंद कर दिया गया था, जिसके बाद सरकार ने 500 और 2000 रुपए के नए नोट जारी किए थे। अब सरकार ने 200 और 50 रुपए के भी नए नोट जारी कर दिए हैं। वहीं भारतीय रिजर्व बैंक पहले ही कह चुका है कि 200 रुपए की आपूर्ति बढ़ाई जाएगी, वहीं 2000 के नए नोट छापने का काम भी अब बंद हो चुका है, क्योंकि केन्द्रीय बैंक छोटे नोटों पर फोकस करना चाहती है।
वहीं पिछले सप्ताह ही वित्त मंत्री अरुण जेटली ने यह साफ कर दिया था कि सरकार का 2000 रुपए के नोट पर बैन लगाने का कोई इरादा नहीं है। उन्होंने यह साफ किया था कि ऐसी कोई भी चर्चा नहीं हो रही है कि 2000 रुपए के नोटों को धीरे-धीरे चलन से बाहर किया जाएगा। यहां बताते चलें कि 2000 के नोटों की छपाई बंद करने का मामला 26 जुलाई को संसद में भी उठ चुका है।












Click it and Unblock the Notifications