इसी महीने पहली बार भारत आ सकते हैं एलन मस्क, क्या टेस्ला की भारतीय बाजार में होगी एंट्री?
टेस्ला चीफ एलन मस्क इस महीने के अंत तक भारत आ सकते हैं। न्यूज एजेंसी रॉयटर्स ने सूत्रों के हवाले से बताया है कि वे निवेश और एक नई फैक्ट्री खोलने के उद्देश्य से भारत का दौरा करेंगे। रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक उनकी ये यात्रा 22 अप्रैल को शुरू हो सकती है।
गौरतलब है कि ये एलन मस्क की पहली भारत यात्रा होगी। ऐसी चर्चा है कि भारत दौरे पर एलन मस्क अपने इंवेस्टमेंट प्लान और भारत में इलेक्ट्रिक कार के प्लांट को लेकर ऐलान कर सकते हैं। आपको बता दें कि लंबे समय से भारतीय ग्राहक टेस्ला कार का इंतजार कर रहे हैं।

भारत यात्रा के दौरान एलन मस्क की मुलाकात पीएम मोदी से हो सकती है। हालांकि, एलन मस्क या पीएमओ की ओर से तरफ से इस बारे में आधिकारिक तौर पर कोई भी जानकारी नहीं दी गई है।
पहले की रिपोर्टों में कहा गया था कि इस महीने टेस्ला के अधिकारी भारत दौरे पर आ सकते हैं। उनका भारत आने का उद्देश्य टेस्ला प्लांट के लिए एक जगह देखना था। हालांकि अब एलन मस्क के खुद आने की बात सामने आई है। ऐसे में माना जा रहा है कि एलन मस्क भारत में लगभग 2 से 3 बिलियन डॉलर के निवेश का ऐलान कर सकते हैं।
एलन मस्क की कंपनी महाराष्ट्र, गुजरात और तमिलनाडु जैसे ऑटोमोटिव हब वाले राज्यों में जगह की तलाश कर रही है। इसकी वजह से इन राज्यों में बंदरगाहों की उपलब्धता का होना है ताकि कारों का निर्यात आसान हो सके। द हिंदू बिजनेसलाइन की रिपोर्ट में बताया गया है कि टेस्ला की पसंद में महाराष्ट्र सबसे आगे है।
आपको बता दें कि एलन मस्क ने सबसे पहले साल 2019 की शुरुआत में ही भारत में इंवेस्टमेंट की दिलचस्पी दिखाई थी। हालांकि, उन्होंने उच्च आयात शुल्क को लेकर आपत्ति जताई थी। हालांकि पिछले साल टेस्ला कंपनी ने कहा था कि वह 24,000 डॉलर की कीमत वाली इलेक्ट्रिक व्हीकल का उत्पादन करने के लिए भारत में एक कारखाना बनाने में दिलचस्पी रखते हैं।












Click it and Unblock the Notifications