Bitcoin को एलन मस्क का एक और झटका, अब कहा- बिटकॉइन रियल इकोनॉमी नहीं
नई दिल्ली, 6 जून। पिछले कुछ हफ्तों से क्रिप्टोकरेंसी बाजार के लिए वीकेंड अच्छा नहीं जा रहा है। साथ ही क्रिप्टोकरेंसी के बड़े समर्थन एलन मस्क इन दिनों अपने ट्वीट से डिजिटल करेंसी में उथल-पुथल मचा रहे हैं। एलन मस्क ने एक बार फिर सोशल मीडिया पर क्रिप्टोकरेंसी के बारे में पोस्ट कर इसमें हलचल मचाई है। इस बार मस्क ने इशारों में बताया है कि क्रिप्टोकरेंसी 'रियल इकॉनॉमी' नहीं है।

एलन मस्क ने रविवार को ट्वीट किया कि "वस्तुएं और सेवाएं ही वास्तविक अर्थव्यवस्था हैं। किसी भी रूप में पैसा बस उसका लेखा-जोखा है।"
नई दिल्ली में रविवार सुबह 5:30 बजे तक दुनिया की सबसे बड़ी क्रिप्टोकरेंसी फिसलकर 35,541 डॉलर पर आ गई जो पिछले 24 घंटों में 4.12% कम है।
मस्क ने की बचाने की अपील
हालांकि बिटकॉइन के नीचे आने के बाद मस्क ने बिटकॉइन के समर्थन में आगे आए और एक दूसरे ट्वीट में लिखा "जिसे आप नफरत करते हैं उसे मारिए मत, जिसे प्यार करते हैं उसे बचाइए।"
दो दिन पहले ही एलन मस्क ने एक ट्वीट में बिटकॉइन से अपने अलग होने की तरफ इशारा किया था। उन्होंने बिटकॉइन के साथ ब्रेकअप हॉर्ड का इमोजी लगाते हुए ट्वीट किया था जिसे उनके डिजिटल कॉइन से संभावित अलगाव के रूप में देखा गया था। पिछले महीने ही एलन मस्क ने यू टर्न लेते हुए टेस्ला के लिए बिटकॉइन पेमेंट को रोक दिया था।
चीन में सख्ती जारी
वहीं चीन में पूर्व घोषणा के बाद क्रिप्टोकरेंसी पर सख्ती बढ़ती जा रही है। चीनी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म वीबो ने शनिवार को नियमों के उल्लंघन का हवाला देते हुए कुछ क्रिप्टो इन्फ्लुएंसर का एकाउंट ब्लॉक कर दिया था। वीबी पिछले कुछ वर्षों से क्रिप्टोकरेंसी से संबंधित एकाउंट पर सख्ती करता रहा है लेकिन पिछले महीने चीनी नियामकों के नए प्रतिबंधों के बाद इसमें तेजी आई है। पिछले महीने चीन के क्रिप्टोकरेंसी माइनिंग और कारोबार पर रोक लगने के बाद से बिटकॉइन में तेजी से गिरावट देखी गई है। अप्रैल में 64,895 डॉलर पर कारोबार करने वाली बिटकॉइन पिछले कुछ सप्ताह से 30 से 40 हजार डॉलर के बीच में झूल रही है।












Click it and Unblock the Notifications