Tesla के यू-टर्न के बाद Bitcoin को लेकर डरा क्रिप्टो बाजार, एलन मस्क को देनी पड़ी सफाई
नई दिल्ली, 18 मई। उद्योगपति एलन मस्क के पिछले कुछ दिनों के ट्वीट के चलते दुनिया की सबसे बड़ी क्रिप्टोकरेंसी बिटकॉइन में लगातार गिरावट देखी जा रही है। इस बीच ऐसी भी अटकलें लगाई जाने लगीं कि एलन मस्क की कंपनी टेस्ला अपने सारे बिटकॉइन बेच सकता है या फिर बेच दिए हैं। अब एलन मस्क ने इन अटकलों पर अपनी सफाई पेश की है और जिसके बिटकॉइन को लेकर उनके प्लान के बारे में भी पता चलता है।

बिटकॉइन को इस साल की शुरुआत में उस समय बूस्ट मिला था जब टेस्ला ने घोषणा की थी कि उसने इस डिजिटल टोकन में 1.5 अरब डॉलर का निवेश किया है। इसी साल मार्च में एलन मस्क ने घोषणा की थी कि टेस्ला बिटकॉइन में पेमेंट स्वीकार करेगी। इस घोषणा का क्रिप्टो बाजार में जोरदार तरीके से स्वागत किया गया था लेकिन दो महीने के अंदर ही मई में मस्क ने घोषणा की थी टेस्ला बिटकॉइन पेमेंट को रोक रही है। इसके पीछे पर्यावरण को हो रहे नुकसान को लेकर चिंता जताई गई थी क्योंकि बिटकॉइन की माइनिंग और इसके ट्रांजेक्शन में भारी मात्रा में ऊर्जा खर्च होती है।
एलन मस्क के ट्वीट के बाद बिटकॉइन की कीमतों में भारी गिरावट देखी गई थी। कॉइनडेस्क के मुताबिक यह मंगलवार को 45,417 डॉलर पर कारोबार कर रही थी जो कि पिछले दो महीने में सबसे कम है।
बिटकॉइन बेचने की लग रही थीं अटकलें
इस घोषणा के बाद ये चर्चा होने लगी थी कि अरबपति उद्योगपति शायद बिटकॉइन बेचकर बाहर निकल चुके हैं या फिर ऐसी तैयारी है। इन अटकलों को और बल 16 मई को एलन मस्क के एक ट्वीट से मिला जो उन्होंने एक क्रिप्टो एक्सचेंज के जवाब में दिया था। दरअसल एक ट्वीट में यूजर ने लिखा था कि "बिटकॉइन रखने वाले अगली तिमाही में अपना सिर पीट लेंगे जब उन्हें पता चलेगा कि टेस्ला ने अपनी बाकी सारे बिटकॉइन खाली कर दिए हैं।" इसमें आगे लिखा गया कि "जिस मात्रा की नफरत एलन मस्क इकठ्ठा कर रहे हैं उसके लिए मैं उन्हें दोष नहीं दूंगा।"
खास बात थी कि एलन मस्क ने इसके जवाब में ट्वीट किया जिसमें लिखा- "वास्तव में"। मस्क के रिप्लाई के बाद अटकलें लगने लगीं कि या तो टेस्ला ने अपना बिटकॉइन बेच दिया है या फिर ऐसा कर सकती है।
एलन मस्क ने सफाई में क्या लिखा?
इसके बाद बिटकॉइन आर्काइव नाम के हैंडल से ट्वीट किया गया कि एलन मस्क के ऊटपटांग पोस्ट से बिटकॉइन की कीमत 20 प्रतिशत गिर गई है। और आप अभी भी आश्चर्य कर रहे हैं कि कुछ लोग क्यों गुस्से में हैं?
इसके जवाब में एलन मस्क ने ट्वीट किया और अफवाहों पर अपनी सफाई दी और कहा अटकलों को स्पष्ट करते हुए बता दूं टेस्ला ने एक भी बिटकॉइन नहीं बेचा है।
मस्क क्रिप्टोकरेंसी के प्रबल समर्थक रहे हैं। उन्होंने कहा कि क्रिप्टो भविष्य की मुद्रा बन सकती है। बिटकॉइन के साथ ही वह डोजकॉइन में भी काफी समय से रुचि दिखा रहे हैं। पिछले हफ्ते ही उन्होंने कहा कि वह "सिस्टम लेनदेन दक्षता" में सुधार के लिए डोजकॉइन डेवलपर्स के साथ बातचीत कर रहे थे।












Click it and Unblock the Notifications