SBI के होम लोन की ईएमआई कम होने से 25 लाख रुपए तक कमा सकते हैं ग्राहक, जानिए क्या है पूरा गणित
भारतीय स्टेट बैंक की चेयरमैन अरुंधति भट्टाचार्य ने बताया है कि किस तरह से होम लोन सस्ता होना ग्राहकों के लिए फायदेमंद है और कैसे बैंक के ग्राहक 25 लाख रुपए तक कमा सकते हैं।
नई दिल्ली। भारतीय स्टेट बैंक की चेयरमैन अरुंधति भट्टाचार्य ने सोमवार को कहा कि होम लोन की दरों में हुई कटौती कर्जदाताओं के काफी पैसे बचाएंगी। अरुंधति भट्टाचार्य ने कहा कि होम लोन की ब्याज दर 8.6 फीसदी हो जाने के बाद उन ग्राहकों को हर महीने 2,333 रुपए का फायदा होगा, जिन्होंने 30 साल के लिए 50 लाख रुपए का लोन ले रखा है। उन्होंने कहा कि इस तरह से ग्राहकों को हर साल करीब 27,996 रुपए का फायदा होगा, वहीं अगर पूरे समय में देखा जाए तो ग्राहक को करीब 8.39 लाख रुपए का फायदा हो सकता है।

कम ईएमआई होने की वजह से बचने वाले पैसों को अगर ग्राहक रिकरिंग डिपॉजिट (6.5 फीसदी की दर से) में निवेश करता है तो 30 साल के बाद उसके पैसे 25.80 लाख रुपए हो जाएंगे। आपको बता दें कि भारतीय स्टेट बैंक ने सोमवार को ही मार्जिनल कॉस्ट लेंडिंग रेट में भारी कटौती की है। भारतीय स्टेट बैंक ने इस कटौती के बाद होम लोन की दरों में भी भारी कटौती की है। इस कटौती के बाद होम लोन की नई दर के तहत 75 लाख रुपए तक का कर्ज लेने वाली किसी नई महिला ग्राहक के लिए 8.60 होगा, जबकि अन्य के लिए यह ब्याज दर 8.65 फीसदी होगी। इससे पहले महिलाओं के लिए ब्याज दर 9.25 फीसदी और अन्य के लिए 9.30 फीसदी थी।
ये भी पढ़ें- RBI ने बैंकों को दिए निर्देश, ग्रामीण इलाकों में सुनिश्चित करें कम से कम 40 फीसदी नोटों की सप्लाई
भारतीय स्टेट बैंक एक खास लोन ऑफर भी लाया है, जिसके तहत 30 लाख रुपए तक का लोन लेने पर 8.50 फीसदी की दर से ब्याज देना होगा। इसके तहत शुरुआती दो सालों के लिए ब्याज दर फिक्स होगी और उसके बाद फ्लोटिंग हो जाएगी यानी बाजार के हिसाब से ब्याज दर लगेगी। आपको बता दें कि नोटबंदी के बाद से बैंकों के पास भारी मात्रा में कैश आ चुका है, जिसके बाद अब बैंकों ने कर्ज सस्ता कर दिया है।












Click it and Unblock the Notifications