लगातार तीसरे हफ्ते शेयर बाजार में बुल रन जारी, बढ़त के साथ खुला बाजार
नई दिल्ली, 01 अगस्त। भारतीय शेयर बाजार में लगातार तेजी का दौर पिछले दो हफ्तों से देखने को मिल रहा है। आज भी बाजार ने अच्छी शुरुआत की ओर बढ़त के साथ ग्रीन सिग्नल पर बाजार खुला। सुबह 9.38 बजे सेंसेक्स 5771 अंक पर यानि 201 अंक की बढ़त के साथ खुला जबकि निफ्टी 17232 यानि 74 अंकों की बढ़त के साथ खुला। 22 जुलाई को शेयर बाजार ने सबसे अच्छी कमाई की। फरवरी 2021 के बाद 22 जुलाई को बाजार में सबसे अधिक बढ़त देखने को मिली है। बैंकिंग, आईटी के शेयरों में सबसे ज्यादा बढ़त देखने को मिली है। लोग बाजार में अच्छी खरीदारी कर रहे हैं।

बैंकों के शेयर की बात करें तो आईडीएफसी बैंक के शेयर में 14 फीसदी की बढ़ोत्तरी देखने को मिली है। जून क्वार्टर में अच्छी कमाई के नतीजों का लाभ बैंक को हुआ और पिछले 17 महीनों में बैंक में सर्वाधिक बढ़त देखने को मिली है। वहीं नाजार टेक कंपनी के शेयर की बात करें तो इसके शेयर में भी अच्छी बढ़त देखने को मिली है। कंपनी का मुनाफा 16.5 करोड़ रुपए बढ़ा है, जून क्वार्टर के नतीजों में कंपनी ने 237 फीसदी की जबरदस्त बढ़ोत्तरी की है।
पिछले दो हफ्तों की बात करें तो सेंसेक्स और निफ्टी में 7 फीसदी की बढ़त देखने को मिली थी। फॉरेन पोर्टफोलियो इंवेस्टर भी बाजार में नई खरीदारी कर रहे हैं। जिस तरह से पिछले कुछ समय से विदेशी निवेशक बाजार से दूरी बना रहे थे और लगातार बिकवाली कर रहे थे उसकी वजह से बाजार में गिरावट देखने को मिल रही थी। लेकिन अब एक बार फिर से बाजार में बढ़त देखने को मिल रही है और सेंसेक्स बढ़त दिखा रहा है। जुलाई में एफपीआई ने 4989 करोड़ रुपए का निवेश किया है। एनएसडीएल के आंकड़ों के अनुसार 2022 में बाजार में कुल 225319 करोड़ रुपए का निवेश हुआ है, जिसमे 212369 इक्विटी सेगमेंट में है।
रिजर्व बैंक ने जिस तरह से मुद्रा नीति को सख्त किया और डॉलर की मांग को कम किया, उसका असर बाजार पर देखने को मिल रहा है। निवेशक एक स्थिर बाजार में निवेश करना चाहते हैं, वह अनिश्चितता के बाजार में अपना पैसा निवेश नहीं करते हैं। मार्केट में गिरावट की दो बड़ी वजह यह रही कि डॉलर के लगातार मजबूत होने से रुपए में गिरावट देखने को मिली, विदेशी मुद्रा भंडार पर इसका असर देखने को मिल रहा था।












Click it and Unblock the Notifications