पीएम मोदी ने की अर्थशास्त्रियों के साथ बैठक, फिनटेक को तेजी से अपनाने पर जताई खुशी
बजट 2023-24 से पहले पीएम मोदी ने अर्थशास्त्रियों के साथ एक अहम बैठक की। जिसमें भविष्य की चुनौतियों को लेकर चर्चा हुई।

केंद्रीय बजट 2023-24 के पेश होने से पहले नीति आयोग में अर्थशास्त्रियों की एक बैठक का आयोजन किया गया। जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान पीएम ने भारतीय अर्थव्यवस्था पर अर्थशास्त्रियों की राय ली। साथ ही भविष्य में आने वाली चुनौतियों पर चर्चा की।
न्यूज एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक पीएम मोदी ने अर्थशास्त्रियों के साथ अपनी बैठक में भारत की डिजिटल स्टोरी की सफलता और देशभर में फिनटेक (फाइनेंशियल टेक्नोलॉजी) को तेजी से अपनाने की सराहना की। उन्होंने कहा कि उभरते वैश्विक अवसरों का लाभ उठाने के लिए सार्वजनिक, निजी क्षेत्र को तालमेल के साथ काम करना होगा। साथ ही उन्हें हटकर सोचने की जरूरत है।
1 फरवरी को आएगा बजट
आपको बता दें कि एनडीए सरकार से पहले बजट पेश करने के लिए कोई तय तारीख नहीं हुआ करती थी, लेकिन पीएम मोदी ने अपने कार्यकाल में बड़ा बदलाव किया। जिसके तहत हर साल 1 फरवरी को ही बजट पेश होता है। वहीं पहले आम बजट और रेल बजट अलग-अलग होता था, लेकिन अब ये एक ही हो गया है।
31 तारीख से शुरू हो बजट सत्र
संसदीय मामलों के मंत्री प्रह्लाद जोशी के मुताबिक इस साल 31 जनवरी से संसद का बजट सत्र शुरू होगा। इसके पहले दिन राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू लोकसभा और राज्यसभा की संयुक्त बैठक को संबोधित करेंगी। उन्होंने बताया कि ये सत्र दो चरणों में 6 अप्रैल तक चलेगा। पहला चरण 31 जनवरी से 14 फरवरी तक है, जबकि दूसरा चरण 12 मार्च से शुरू होकर 6 अप्रैल तक चलेगा।
इन बातों पर रहेगा बजट का फोकस
जानकारों के मुताबिक मोदी सरकार अर्थव्यवस्था को गति देना चाहती है, ऐसे में सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यमों पर ध्यान दिया जाएगा। इसके अलावा कर्मचारी संगठन टैक्स स्लैब में छूट की मांग कर रहे, लेकिन अभी इस पर सरकार ने अपना रुख साफ नहीं किया है।












Click it and Unblock the Notifications