गिरकर फिर उठा बिटकॉइन, इस वजह से एक दिन में आई बड़ी उछाल
नई दिल्ली, अप्रैल 26: क्रिप्टोकरेंसी बिटकॉइन के लिए अप्रैल के शुरुआती दिन काफी अच्छे रहे, लेकिन महीने के दूसरे पड़ाव में इसने बड़ा झटका दिया, जहां 11 दिनों में ही ये 27 प्रतिशत टूटकर 47157 डॉलर पहुंच गया। ये रेट पिछले 7 हफ्तों में बिटकॉइन का निचला स्तर रहा। हालांकि सोमवार को फिर से बिटकॉइन ने वापसी कर ली, जहां शाम चार बजे के करीब इसका रेट 53,236 डॉलर रहा। इस बढ़त को देखकर कई दिनों बाद बिटकॉइन के निवेशकों ने राहत की सांस ली है।

हफ्ते के पहले दिन सोमवार को सुबह 3 बजे बिटकॉइन का रेट 47200 डॉलर था, जिसके बाद निवेशकों की धड़कन बढ़ गई। हालांकि 8 घंटे बाद ये 10 प्रतिशत बढ़कर 52300 डॉलर के करीब पहुंच गया। 13 मार्च के बाद की ये सबसे बड़ी इंट्रा डे उछाल है। विशेषज्ञों के मुताबिक अमेरिका ने हाल ही में नई टैक्स पॉलिसी को लेकर प्रस्ताव रखा था, जिसके बाद बिटकॉइन के दाम तेजी से गिरे। इस कमजोरी के बाद निवेशकों को सही वैल्यूएशन पर करेंसी में निवेश का अच्छा मौका मिल गया, जिस वजह से इसमें एक दिन में इतनी तेजी देखी गई।
बिटकॉइन का नहीं है कोई मालिक
बिटकॉइन एक वर्चुअल करेंसी है। जिसका अविष्कार सातोशी नाकामोतो ने 2009 में किया था। आमतौर पर जब भी कोई करेंसी दुनिया में आती है, तो कोई देश या बैंक उसका मालिक होता है, लेकिन बिटकॉइन का कोई मालिक नहीं है। जिस वजह से इसे डिसेंट्रालाइज करेंसी भी कहा जाता है। इसे आप सामान्य करेंसी की तरह नहीं इस्तेमाल कर सकते हैं, ये सिर्फ डिजिटल वॉलेट में ही रहती है।












Click it and Unblock the Notifications