Bitcoin: अस्थिरता के बावजूद बनी हुई है भारतीयों की पसंद, जानिए वजह
नई दिल्ली, अप्रैल 25। बिटकॉइन दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती और सबसे लोकप्रिय क्रिप्टोकरेंसी है। लेकिक साथ ही बिटकॉइन की शुरुआत के साथ ही अस्थिरता को लेकर आलोचना झेलती रही है। पिछले एक साल में बिटकॉइन में 5,000 डॉलर से 60 हजार डॉलर से ऊपर का आंकड़ा छुआ है। हालांकि पिछले ही दिनों यह फिर गिरकर 50 हजार डॉलर से नीचे आ गई थी। बिटकॉइन के इस उतार-चढ़ाव के चलते आलोचक इसमें निवेश को जोखिम बताते हैं। बावजूद इसके बड़ी संख्या में भारतीय बिटकॉइन में रुचि दिखा रहे हैं और यह बढ़ती ही जा रही है।

इसकी एक तो प्रमुख वजह देश में दुनिया की सबसे बड़ी आईटी आबादी है। साथ ही भारत स्मार्टफोन के सबसे बड़े बाजार में एक है। जिसका परिणाम है कि देश में ई-कॉमर्स इंडस्ट्री और ऑनलाइन भुगतान भी तेजी से बढ़ रहे हैं। ये सभी कारक मिलकर क्रिप्टोकरेंसी के बारे में जागरूकता स्तर और उत्सुकता को भी बढ़ा रहे हैं। अगर क्रिप्टोकरेंसी को पेमेंट गेटवे के रूप में अपनाने की बात की जाए तो ई-कॉमर्स इंडस्ट्री के लिए यह काफी आसान हो सकता है।
बड़े निवेशकों के आने से बढ़ा भरोसा
बढ़ते बाजार की क्षमता को समझते हुए भारतीय निवेशक क्रिप्टोक्यूरेंसी बाजार, विशेष रूप से बिटकॉइन में फंडिंग में रुचि दिखा रहे हैं। इसमें एक छोटा हिस्सा अल्पकालिक व्यापारियों का है जो तुरंत लाभ की उम्मीद करते हैं जबकि बिटकॉइन की प्रवृत्ति मुख्य रूप से दीर्घकालिक निवेशकों द्वारा संचालित होती है जिन्होंने क्रिप्टोक्यूरेंसी को समझा है कि इसमें अधिकतम लाभ पाने के लिए वर्षों या फिर दशकों तक निवेश की जरूरत है।
बिटकॉइन में निवेशकों की रुचि की एक और वजह इसका सबसे अधिक मान्यता प्राप्त क्रिप्टोकरेंसी होना है। बिटकॉइन में बड़े संस्थागत निवेशकों के आने से इसमें छोटे निवेशकों का भरोसा भी बढ़ा है और वे इसमें बेहिचक निवेश कर रहे हैं। यह एक विकेंद्रीकृत, डिजिटल और इसकी फेक करेंसी न बनाए जाने के गुण के कारण विशेष लाभदायक है जिसके कारण क्रिप्टो इंडस्ट्री के विशेषज्ञ इसे 'मनी 2.0' कहते हैं।
क्रिप्टो मार्केट में आधे से ज्यादा बिटकॉइन
वर्तमान में क्रिप्टोक्यूरेंसी बाजार अभी भी अपने प्राथमिक चरणों में है और हाल ही में इसने जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए 2 ट्रिलियन डॉलर की मार्केट कैप हासिल की है। खास बात यह है कि क्रिप्टोकरेंसी मार्केट में 50 प्रतिशत से ज्यादा हिस्सा बिटकॉइन का है।
भारतीय निवेशक तेजी से अपने पोर्टफोलियो में क्रिप्टोकरेंसी निवेश के लिए एक अलग स्थान आवंटित कर रहे हैं। वे बाजार पर नजर रखते हैं और सबसे अधिक संरक्षित और उपयुक्त निवेश विकल्पों में से एक मानते हुए निवेश करते हैं।












Click it and Unblock the Notifications