रिकॉर्ड हाई पर पहुंचने के बाद नीचे उतरी बिटकॉइन, ईथर में भी गिरावट
नई दिल्ली, 10 नवम्बर। क्रिप्टोकरेंसी बाजार में बिटकॉइन और ईथर समेत अधिकांश टोकन की कीमतों में बुधवार को गिरावट देखी गईं। मंगलवार को रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंचने के बाद दोनों आभासी टोकन मुद्राएं अपने उच्च स्तर से वापस आ गईं। शीर्ष पर स्थापित दोनों क्रिप्टोकरेंसी जून के बाद से दोगुने तक बढ़ चुकी है जबकि अक्टूबर की शुरुआत से डॉलर के मुकाबले यह 70 प्रतिशत मजबूत हुई है।

बाजार पूंजीकरण के हिसाब से दुनिया की सबसे बड़ी और लोकप्रिय क्रिप्टोकरेंसी बिटकॉइन बुधवार को एक फीसदी की गिरावट के साथ 67,089 डॉलर पर कारोबार कर रही थी। एक दशक पहले लॉन्च हुई बिटकॉइन ने 2020 के बाद से जबर्दस्त वृद्धि देखी है। 2020 के आखिर से अब तक इसकी कीमत चार गुना बढ़ गई है। बिटकॉइन ने साल-दल-साल 131 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि की है।
ईथर भी आई नीचे
बिटकॉइन के साथ ही दूसरी सबसे बड़ी क्रिप्टोकरेंसी ईथर भी 1 प्रतिशत से अधिक गिर गई। एथेरियम ब्लॉकचेन का यह सिक्का 4747 डॉलर पर कारोबार कर रहा था।
एक दिन पहले ही बिटकॉइन और ईथर अपने अब तक के सर्वोच्च स्तर पर पहुंची थी। ये पहला मौका था जब दोनों क्रिप्टोकरेंसी एक साथ ही रिकॉर्ड हाई पर पहुंची थी।
एक अन्य लोकप्रिय वर्चुअल करेंसी डोजकॉइन और शीबा इनु में 3% से अधिक की गिरावट देखी गई और यह दोनों क्रमशः 0.27 डॉलर और 0.000054 डॉलर पर कारोबार कर रही थी। एक्सआरपी, पोलकाडॉट, सोलाना जैसी अन्य क्रिप्टोकरेंसी का प्रदर्शन भी गिर गया। हाालंकि कार्डानो की कीमत 6 प्रतिशत की वृद्धि के साथ यह 2.25 डॉलर पर पहुंच गई जबकि लाइटकॉइन 7% बढ़कर 260.69 डॉलर पहुंच गई।












Click it and Unblock the Notifications