बिटकॉइन समेत टॉप क्रिप्टोकरेंसी को लगा झटका, 10% तक गिर गई कीमत
नई दिल्ली, 8 जुलाई। पिछले कई दिनों से संभलने की कोशिश में लगे क्रिप्टो बाजार को गुरुवार को फिर झटका लगा जब बिटकॉइन, एथेरियम और डोजकॉइन समेत प्रमुख क्रिप्टोकरेंसी 10 प्रतिशत तक लुढ़क गई।

दुनिया की सबसे बड़ी क्रिप्टोकरेंसी गुरुवार को फिर 33,000 डॉलर से नीचे गिर गई और अब इसके 30,000 डॉलर तक लुढ़कने का खतरा है। डिजिटल टोकन अप्रैल के अपने सर्वकालिक उच्च स्तर से लगभग 50 प्रतिशत नीचे हैं। गुरुवार शाम को 4 बजे यह 32,682 डॉलर पर कारोबार कर रही थी।
क्रिप्टो रणनीतिकारों ने अंदेशा जताया है कि बिटकॉइन जल्द ही 30,000 के स्तर से नीचे गिर सकती है।
ग्लोबल ट्रेडिंग फर्म फैक्टर एलएलसी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी पीटर ब्रांट ने ट्विटर पर बिटकॉइन की ट्रेडिंग रेंज को दिखाते हुए एक चार्ट पैटर्न साझा किया है। उन्होंने एक सर्वे भी शुरू किया है जिसमें यूजर से पूछा गया है कि वो कौन से कारक हैं जिनके चलते बिटकॉइन 30,000 डॉलर के नीचे जा सकती है। हालांकि अधिकांश लोगों ने जवाब में कहा है कि डिजिटल करेंसी वहां तक नहीं पहुंचेगी।
संघर्ष कर रही बिटकॉइन
पिछले दो महीनों से बिटकॉइन 30,000 और 42,000 के स्तर के बीच कारोबार कर रही है। अप्रैल में 64895 डॉलर तक पहुंचने वाली बिटकॉइन के लिए मई का महीना काफी बुरा गुजरा। पहले अरबपति बिजनेसमैन एलन मस्क के टेस्ला कार की खरीद पर बिटकॉइन पेमेंट के रोकने की घोषणा के बाद बिटकॉइन में गिरावट देखी और यह 50,000 डॉलर से नीचे आ गई। बाकी रही कसर चीन की सख्ती ने पूरी कर दी। चीन ने क्रिप्टोकरेंसी की माइनिंग और ट्रेडिंग पर प्रतिबंध की घोषणा कर दी जिसके बाद यह तीन महीने बाद 40,000 डॉलर से नीचे गिर गई और तब से यह ऊपर जाने के लिए संघर्ष कर रही है।












Click it and Unblock the Notifications