बिटकॉइन की वापसी तो Altcoins ने पकड़ी रफ्तार, वीकेंड पर क्रिप्टो बाजार का हाल
नई दिल्ली, 12 सितम्बर। पिछले दिनों में संघर्ष कर रही प्रमुख क्रिप्टोकरेंसी एक बार फिर से हरे रंग में कारोबार कर रही है। सोलाना को छोड़कर टॉप 10 से 8 क्रिप्टोकरेंसी सुबह के 9.30 बजे बढ़त के साथ कारोबार कर रही थी। पोलकाडॉट 15 फीसदी की दोहरे अंक की बढ़त के साथ शीर्ष पर रही जबकि बिनांस कॉइन और कार्डानो ने 6-6 प्रतिशत की वृद्धि देखी है।

पिछले दिन के मुकाबले ग्लोबल क्रिप्टो मार्केट कैप में 2 प्रतिशत की वृद्धि हुई है और यह 2.14 ट्रिलियन डॉलर हो गया है। 24 घंटे में कुल क्रिप्टो बाजार की मात्रा 20 प्रतिशत से अधिक बढ़कर 142 अरब डॉलर पहुंच गई है।
दुनिया की सबसे बड़ी क्रिप्टोकरेंसी बिटकॉइन पिछले दो महीने के संघर्ष के बाद एक बार फिर से ऊपर की ओर जा रही है। इस सप्ताह की शुरुआत में ही इसने 52,000 डॉलर को पार किया था जो कि मई के बाद से इसका सर्वोच्च स्तर है। हालांकि अप्रैल के सर्वोच्च स्तर 64895 डॉलर से अभी भी यह नीचे थी।
7 अप्रैल को एल सल्वाडोर के बिटकॉइन को कानूनी निविदा के रूप में मान्यता देने के बाद बिटकॉइन को एक बार फिर झटका लगा था जिसके बाद इसकी कीमतें 43 हजार डॉलर तक गिर गई थीं। कई दिनों के संघर्ष के बाद क्रिप्टोकरेंसी में शनिवार को स्थिरता आई।
बिटकॉइन दूसरे दिन रही स्थिर
रविवार सुबह 9.30 बजे बिटकॉइन 46,752 डॉलर पर कारोबार कर रही थी जो कि 1.67 प्रतिशत ऊपर थी। क्रिप्टोकरेंसी में लगातार अस्थिरता के बावजूद इसमें बड़ी संभावनाएं देखी जा रही हैं। स्टैंडर्ड चार्टर्ड की एक नई क्रिप्टोकरेंसी रिसर्च टीम ने अनुमान जताया है कि बिटकॉइन की कीमत दोगुनी तक बढ़ जाएगी और अगले साल की शुरुआत में यह एक लाख डॉलर तक पहुंच जाएगा। लंबी अवधि में बिटकॉइन कीमत के 1,75,000 डॉलर तक पहुंचने का अनुमान लगाया गया है।
इस बीच एक अच्छी खबर भारत से भी है जहां भारतीय रिजर्व बैंक अपनी डिजिटल करेंसी को लेकर अपनी तैयारी कर रहा है। भारतीय रिजर्व बैंक के गवर्नर शक्तिकांत दास ने कहा है कि केंद्रीय बैंक विश्वसनीय जवाब चाहता है कि भारतीय अर्थव्यवस्था में निजी क्रिप्टोकरेंसी का क्या योगदान होगा।
अन्य क्रिप्टोकरेंसी का हाल
बिटकॉइन के अलावा दूसरे नंबर की क्रिप्टोकरेंसी ईथर भी स्थिर हुई है और यह 3467 डॉलर पर कारोबार कर रही है। जो कि पिछले दिन के मुकाबले थोड़ा कम है। तीसरे नंबर की क्रिप्टोकरेंसी कार्डानों ने 5.97 प्रतिशत की उछाल देखी है और यह 2.56 डॉलर पर कारोबार कर रही थी। बिनांस कॉइन 5.76 डॉलर की मजबूत रैली के साथ 431.92 डॉलर पर पहुंच गई जबकि स्थिर सिक्का टीथर 0.02 प्रतिशत की बढ़त के साथ 1 डॉलर पर कारोबार कर रहा है।
पिछले दिनों अपनी मजबूत रैली के चलते निवेशकों की नजर में आई क्रिप्टोकरेंसी सोलाना को एक बार फिर झटका लगा है और यह 7.81 प्रतिशत नीचे कारोबार करते हुए 192.87 डॉलर के मूल्य पर पहुंच गई है।












Click it and Unblock the Notifications