भारत में प्रतिबंध की आशंका के बीच Bitcoin धड़ाम, 24 घंटे में 10% नीचे
नई दिल्ली। भारत में प्रतिबंध की आशंकाओं के बीच दुनिया की सबसे बड़ी क्रिप्टोकरेंसी में मंगलवार को तेजी से नीचे गिरी है। सोमवार को एक रिपोर्ट में कहा गया था कि भारत सरकार देश में क्रिप्टोकरेंसी के रखने, माइनिंग और ट्रांसफर करने को अपराध की श्रेणी में रखने पर विचार कर रही है। रिपोर्ट के 24 घंटे के भीतर ही बिटकॉइन 10 प्रतिशत लुढ़क गई।

इसके पहले अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन के 1.9 ट्रिलियन डॉलर के भारी भरकम कोविड राहत पैकेज साइन करने के बाद बिटकॉइन में तेजी से उछाल आया था और यह 61,000 डॉलर की रिकॉर्ड कीमत तक पहुंच गई थी।
रायटर्स ने दी थी रिपोर्ट
लेकिन इसी बीच एशिया की तीसरे सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था भारत में क्रिप्टोकरेंसी पर प्रतिबंध की खबर आने के बाद क्रिप्टोकरेंसी में तेजी से गिरावट देखी गई है। सोमवार को रायटर्स ने अपनी रिपोर्ट में उच्चाधिकारियों के हवाले से कहा था कि भारत सरकार क्रिप्टोकरेंसी की माइनिंग और ट्रांसफर को प्रतिबंधित करने के लिए एक बिल तैयार कर रही है जिसमें इन गतिविधियों को आपराधिक श्रेणी में लाया जाएगा।
ये रिपोर्ट तब आई है जब पिछले सप्ताह के आखिर में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने इशारा किया था कि क्रिप्टोकरेंसी पर शायद पूर्ण प्रतिबंध नहीं लगाया जाएगा।
53,700 डॉलर पर
रिपोर्ट आने के बाद क्रिप्टोकरेंसी बाजार में खलबली मच गई जिसका नतीजा हुआ कि करीब बिटकॉइन में 10.31 प्रतिशत की गिरावट देखी गई और मंगलवार को दोपहर एक बजे यह 53,700 डॉलर पर ट्रेड कर रही थी। पिछले 24 घंटे में यह 59,411 से लुढ़ककर 53,567 पर पहुंच गई। रविवार के अपने रिकॉर्ड 61,711 डॉलर की अपेक्षा में यह 13 प्रतिशत नीचे आ चुकी है।












Click it and Unblock the Notifications