जरूरी सूचना: शनिवार से 4 दिन तक बंद रहेंगे बैंक, पहले ही निपटा लें काम
नई दिल्ली। अगर आपको भी बैंक के कुछ जरूरी काम निपटाने हैं, जिन्हें आप लगातार टाल रहे हैं, तो जल्द से जल्द निपटा लें। अगर आपने शुक्रवार तक अपने बैंक के जरूरी काम नहीं निपटाए तो आपको दिक्कत हो सकती है। दरअसल, 12 अगस्त से लेकर 15 अगस्त तक देश के सभी बैंक बंद रहेंगे। इस तरह से लगातार चार दिन तक आप बैंक का कोई काम नहीं करा सकेंगे।

क्यों बंद रहेंगे बैंक?
12 अगस्त को महीने का दूसरा शनिवार है, 13 अगस्त को रविवार है, 14 अगस्त को जन्माष्टमी की छुट्टी है और 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के मौके पर अवकाश रहेगा। इसके चलते बैंक लगातार चार दिन तक बंद रहेंगे। ऐसी स्थिति में अगर आपने शुक्रवार तक अपने सारे बैंक के काम नहीं निपटाए तो फिर आपको इसके लिए 16 तारीख का इंतजार करना होगा।

एटीएम पर नहीं होगी दिक्कत
यूं तो बैंकों के बंद होने से एटीएम की सेवा पर काफी कम असर पड़ता है, लेकिन लोग काफी घबरा जाते हैं। लोगों का मानना है कि छुट्टी के दिन बैंक बंद होते हैं, तो पैसे एटीएम में डालेगा कौन? बैंकों ने दावा किया है कि छुट्टी होने के बावजूद एटीएम में कैश की दिक्कत नहीं होगा। दरअसल, अधिकतर बैंक एटीएम में पैसे डालने के लिए थर्ड पार्टी को कॉन्ट्रैक्ट देते हैं, जिसके चलते बैंक की छुट्टी होने के बावजूद एटीएम पर कैश की दिक्कत नहीं होती है।

22 अगस्त को होगी हड़ताल
वहीं दूसरी ओर, बैंक कर्मचारी संघ ने पूरे देश में 22 अगस्त को हड़ताल करने का फैसला किया है। यह हड़ताल निजीकरण और सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों के विलय के खिलाफ किया जा रहा है। इसके साथ ही, बैंक कर्मचारियों की कुछ और भी मांगें हैं, जिसके चलते 22 अगस्त को इस देशव्यापी हड़ताल का आह्वान किया गया है। इस बात की जानकारी खुद कर्मचारी संघ के ही एक नेता ने दी है।












Click it and Unblock the Notifications