सरकार ने बताया- धोखाधड़ी, लूट और ठगी के चलते बैंकों को हुआ 17000 करोड़ का नुकसान
नई दिल्ली। बीते वित्त वर्ष (2016-17) धोखाधड़ी, लूट, डकैती और ठगी के चलते बैंकों को 17,000 करोड़ रुपए का नुकसान हुआ है। शुक्रवार को वित्त मंत्रालय की तरफ से लोकसभ में इस बात की जानकारी दी गई। वित्त राज्य मंत्री शिव प्रताप शुक्ला ने सदन में दिए लिखित जवाब में बताया कि वित्तिय वर्ष (2016-17) में बैंकों को 16 हजार 789 करोड़ रुपए का नुकसान झेलना पड़ा। उन्होंने बताया कि 2016-17 के दौरान देश के विभिन्न हिस्सों में दर्ज की गई बैंक लूट, चोरी, डकैती और सेंधमारी की घटनाओं में लगभग 65.3 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ।

इतना ही नहीं चालू वित्त वर्ष की पहली छमाही में ऐसे 393 मामले दर्ज किए जा चुके हैं जिससे 18.48 करोड़ रुपये की चोट पहुंच चुकी है। शिव प्रताप शुक्ला ने बताया कि बैंकिंग सेक्टर में साइबर सिक्योरिटी को लेकर समिति का गठन किया गया है। इसमें आरबीआई के अधिकारी, अकादमिक जगत, फरंसिक, साइबर सिक्यॉरिटी एक्सपर्ट्स और सूचना तकनीक से जुड़े लोगों को शामिल किया गया है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि यह समिति बैंकिंग सेक्टर के समक्ष उपजी तकनीकी समस्याओं और उससे जुड़े खतरों से निपटने के लिए नीति-निर्धारण के काम में जुटा है।
सरकार को उक्त जानकारी भारतीय रिजर्व बैंक द्वारा दी गई थी जो धोखाधड़ी निगरानी रिपोर्ट्स पर आधारित थी। वहीं एक दूसरे सवाल का जवाब देते हुए वित्त राज्य मंत्री पी. राधाकृष्ण ने बताया कि 500 और दो हजार की नकली (स्कैन या फोटोकॉपी) करेंसी भी हाल के दिनों में जब्त की गई है।












Click it and Unblock the Notifications